IND U19 vs SA U19, Vaibhav Suryavanshi: 15 जनवरी से शुरू होने वाले ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय अंडर-19 टीम ने कमाल कर दिया है. वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को उसी के घर में वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया. 7 जनवरी को खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 233 रनों से बड़ी जीत दर्ज की.
394 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीकी टीम सिर्फ 160 रन पर ढेर हो गई. इससे पहले भारत ने पहले और दूसरे मैच में भी अफ्रीकी टीम को धूल चटाई थी. इस मैच में वैभव ने कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी कमाल कमाल दिखाया और साउथ अफ्रीका की सरजमीं पर शानदार शतक लगाने का कारनामा किया.
तीसरे वनडे में भारत ने दर्ज की 233 रनों से बड़ी जीत
इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट पर 388 रन बनाए और साउथ अफ्रीका को 5 रन पेनल्टी के रूप में मिले, जिससे लक्ष्य 394 रन का हो गया. भारत के लिए कप्तान वैभव सूर्यवंशी और उपकप्तान एरोन जॉर्ज शानदार शतकीय पारी खेली. वैभव ने 127 रन और जॉर्ज 118 रन बनाए और दोनों ने मिलकर 227 रन की शानदार ओपनिंग पार्टनरशिप की. इसके अलावा, वेदांत त्रिवेदी ने 34 रन और अभिज्ञान कुंडू 21 रन जोड़े.
जवाब में उतरी साउथ अफ्रीका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और सिर्फ 35 ओवर में 160 रन पर सिमट गई. भारत के लिए गेंदबाजी में किशन कुमार सिंह ने कमाल का प्रदर्शन किया और तीन विकेट चटकाकर मेजबान टीम की कमर तोड़ दी. वहीं, एनान ने 2 विकेट लिए, जबकि कनिष्क, वैभव सूर्यवंशी और अम्ब्रीश को 1-1 सफलता मिली.
वैभव सूर्यवंशी बने प्लेयर ऑफ द सीरीज
साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर बोला. तीसरे वनडे में वैभव ने अफ्रीकी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी और 127 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जिसमें उन्होंने 9 चौके और 10 छक्के लगाए. इससे पहले उन्होंने दूसरे मुकाबले में सिर्फ 24 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने. तीन मैचों की इस सीरीज में वैभव ने कुल 206 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा. इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से भी नवाजा गया.
🚨 HISTORY BY 14-YEAR-OLD VAIBHAV SURYAVANSHI 🚨
— Richard Kettleborough (@RichKettle07) January 7, 2026
– 💯 in India 🇮🇳
– 💯 in UAE 🇦🇪
– 💯 in Australia 🇦🇺
– 💯 in England 🏴
– 💯 in South Africa 🇿🇦
– Just listen to the South African commentators when Vaibhav smashed a Monster Six🔥
– What's your take 🤔pic.twitter.com/bX4toeHDZI
अब वर्ल्ड कप पर टीम की नजरें
भारतीय अंडर-19 टीम की नजरें अब 15 जनवरी से शुरू हो रहे वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम करने पर टिकी होगी. भारतीय टीम इस वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत यूएसए के खिलाफ मुकाबले से करेगी. इस टूर्नामेंट में 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार-चार टीमों के ग्रुप में बांटा गया है. भारत ग्रुप-A में यूएसए, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के साथ है. कप्तान आयुष म्हात्रे और उपकप्तान विहान मल्होत्रा दोनों वर्ल्ड कप स्क्वॉड का हिस्सा हैं और वे फिट होकर इस बड़े टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आएंगे.

