Ashes 2025-26

Ashes 2025-26: एशेज पर ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत बरकरार, सिडनी टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से चटाई धूल

Ashes 2025-26, Australia vs England: ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) एशेज सीरीज 2025-26 के पांचवें और आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया. इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 4-1 से एशेज सीरीज अपने नाम कर लिया. इस मुकाबले में इंग्लैंड ने जैकब बेथेल के शतक के दम पर ऑस्ट्रेलिया के सामने 160 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे कंगारू टीम ने 31.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले ही शुरुआती 3 मुकाबले जीतकर सीरीज पर कब्जा कर चुकी थी.

ऑस्ट्रेलिया ने जीता सिडनी टेस्ट

सिडनी टेस्ट के आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 160 रनों का टारगेट मिला था. कंगारू टीम की पारी की शुरुआत करने उतरे ट्रेविस हेड और जैक वेदरलैंड ने शानदार बल्लेबाजी की और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी हुई. हेड 29 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद वेदरलैंड भी 34 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और कंगारू टीम का स्कोर 71 पर 2 विकेट हो गया.

लंच के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ भी 12 रन बनाकर चलते बने और फिर अपना आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे उस्मान ख्वाजा सिर्फ 6 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए. इसके बाद मार्नस लाबुशेन 37 रन बनाकर आउट हो गए. आखिर में कैमरून ग्रीन 22 रन तो एलेक्स कैरी 16 रन बनाकर नाबाद रहे. कैरी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए विजयी चौका लगाया और टीम ने 161 रन बनाकर 5 विकेट से मैच जीत लिया.

जैकब बेथेल का शतक गया बेकार

इंग्लैंड ने पांचवें दिन के खेल की शुरुआत 302/8 के स्कोर के साथ की थी. इंग्लैंड की दूसरी पारी में 22 साल के जैकब बेथेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा और वह आखिरी दिन 154 रन बनाकर आउट हुए. अपनी पारी में उन्होंने 15 चौके लगाए. बेथेल के शतकीय पारी के दम पर इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 342 रन बनाए और 159 रनों की बढ़त हासिल की. बेथेल के अलावा, हैरी ब्रूक ने 42 रन और जेमी स्मिथ ने 26 रन बनाए.
वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ओर से ब्यू वेब्स्टर और मिचेल स्टार्क ने कमाल की गेंदाबजी करते हुए 3-3 विकेट अपने नाम किए. जबकि बोलैंड ने दो विकेट और नेसर ने एक विकेट चटकाए.

सिडनी टेस्ट में दिखा ऑस्ट्रेलिया का दबदबा

मैच की बात करें तो इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. इंग्लैंड ने पहली पारी में 384 रन बनाए थे. टीम के लिए जो रूट ने 160 रन बनाए और हैरी ब्रूक ने 84 रनों की शानदार पारी खेली. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 567 रन बना डाले. कंगारू टीम के लिए ट्रैविस हेड ने 163 रन और कप्तान स्टीव स्मिथ ने 138 रनों की बेहतरीन पारी खेली.

अंत में ब्यू वेबस्टर ने भी 71 रन जोड़ दिए और ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी के आधार पर 183 रनों की बड़ी बढ़त बना ली. इसके बाद इंग्लैंड की टीम ने दूसरी पारी में अच्छी कोशिश की, लेकिन ज्यादा बढ़त नहीं बना सकी. जैकब बेथेल ने 154 रनों की शानदार पारी के दम पर इंग्लिश टीम ने दूसरी पारी में 342 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 160 रन का लक्ष्य दिया. कंगारू टीम ने 31.2 ओवर में 5 विकेट खोकर 161 रन बनाकर शानदार जीत हासिल कर ली और 4-1 से सीरीज अपने नाम कर ली. बता दें कि, इंग्लैंड की टीम इस एशेज सीरीज में सिर्फ एक मुकाबला जीत सकी, जो मेलबर्न के मैदान पर दो दिन में खत्म हो गया था.

ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में भारत ने दर्ज की 233 रनों से बड़ी जीत, साउथ अफ्रीका को उसी के घर में किया क्लीन स्वीप