Vijay Hazare Trophy 2025-26, Sarfaraz Khan Record: मुंबई के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में अपने बल्ले से तहलका मचा दिया है. सरफराज ने पंजाब के खिलाफ राउंड 7 मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों पर अर्धशतक ठोक इतिहास रच दिया. वह लिस्ट ए क्रिकेट में भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
सरफराज ने इस मैच में अभिषेक शर्मा के एक ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 30 रन कूट डाले और सिर्फ 20 गेंदों पर 62 रनों की पारी धमाकेदार पारी खेली.
सरफराज खान ने रचा इतिहास
जयपुर में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब ने पहले बैटिंग करते हुए मुंबई के सामने 217 रनों का लक्ष्य रखा था. वहीं, टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम को अंगकृश रघुवंशी और मुशीर खान ने अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की. इसके बाद नंबर-3 पर बैटिंग करने आए सरफराज खान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया.
सरफराज ने 20 गेंदों पर 62 रनों की पारी खेली. अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 5 गगनचंबी छक्के लगाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 310 का रहा. इसी के साथ सरफराज विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. इस मामले में उन्होंने बड़ौदा के अतीत सेठ का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2020-21 में छत्तीसगढ़ के खिलाफ 16 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था.
सरफराज ने अभिषेक शर्मा के ओवर में कूटे 30 रन
सरफराज खान ने पारी के 10वें अपना रौद्र रूप दिखाया. सफराज ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा के इस ओवर में 6,4,6,4,6,4 लगाए और कुल 30 रन बटोर लिए. हालांकि, सरफराज की इस आतिशी पारी के बावजूद मुंबई की टीम को हार सामना करना पड़ा और पंजाब ने एक रन से मैच जीत लिया. बता दें कि, सरफराज का बल्ला इस सीजन लगातार आग उगल रहा है. इस धमाकेदार पारी से पहले उन्होंने टूर्नामेंट में 55 और 157 रनों की पारी भी खेल चुके हैं.

