WTC 2025-27, Team India Schedule: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के एक चक्र में प्रत्येक टीम को कुल 6 टेस्ट सीरीज खेलनी होती हैं और इसके बाद पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहने वाली दो टीमें फाइनल में भिड़ती हैं. WTC 2025-27 में टीम इंडिया का प्रदर्शन अब तक कुछ खास नहीं रहा है और फिलहाल भारत पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर मौजूद है. हालांकि, भारतीय टीम अब भी WTC फाइनल की रेस में बनी हुई है. मौजूदा साइकल में भारत के अभी तीन टेस्ट सीरीज बाकी हैं, जिसमें कुल 9 मुकाबले खेले जाने हैं.
टीम इंडिया के पास अभी 9 मुकाबले बाकी
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 साइकल में टीम इंडिया के अभी तीन टेस्ट सीरीज बाकी हैं, जिसमें कुल 9 मुकाबले खेले जाने हैं. भारत को श्रीलंका, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं. सबसे पहले भारतीय टीम अगस्त में श्रीलंका दौरे पर जाएगी, जहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी. इसके बाद टीम सितंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी और वहां भी दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे.
आखिर में ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत दौरे पर आएगी, जहां पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जाएगी. अब भारतीय टीम बाकी बचे 9 टेस्ट मैच में दमदार प्रदर्शन करके फाइनल का टिकट कटवा सकती है.
WTC 2025-27 पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर भारत
भारतीय टीम ने WTC 2025-27 साइकल की शुरुआत इंग्लैंड दौरे से की थी, जहां शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने अच्छा खेल दिखाया और सीरीज 2-2 से ड्रॉ करा ली. इस दौरे में गिल का बल्ला जमकर बोला और उन्होंने 754 रन ठोक दिए. इसके बाद भारत ने घर पर वेस्टइंडीज को 2-0 से हराया. हालांकि, घरेलू मैदान पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम को 0-2 से करारी हार झेलनी पड़ी.
WTC 2025-27 में भारत ने अब तक 9 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 4 जीते हैं, 4 हारे हैं. वहीं, एक मैच ड्रॉ रहा है. फिलहाल WTC पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया 52 पॉइंट्स और 48.15 PCT के साथ छठे स्थान पर है. ऑस्ट्रेलिया अभी 84 अंक और 87.50 के साथ पहले नंबर पर और न्यूजीलैंड 77.78 PCT के साथ दूसरे नंबर पर काबिज है.

