Tamim Iqbal on India-Bangladesh Cricket Tension: भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहा विवाद लगातार गरमाता जा रहा है. बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने के BCCI के फैसले के बाद से दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड्स के बीच तनातनी भी बढ़ गई है. बांग्लादेश सरकार के निर्देश के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया है.
BCB ने ICC को लेटर लिखकर टी20 वर्ल्ड कप में अपने मैच को भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की है. हालांकि, ICC ने बोर्ड के इस फैसले को ठुकरा दिया. इसी बीच बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को आईना दिखाने का काम किया है और उसे समझदारी भरे कदम उठाने की चेतावनी दी है.
तमीम इकबाल ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को चेताया
बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने हाल ही में क्रिकबज से बातचीत में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को चेतावनी देते हुए कहा कि बोर्ड को भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में टीम की भागीदारी का फैसला लोगों की भावनाओं को देखते हुए नहीं, बल्कि बांग्लादेश क्रिकेट के अगले 10 साल के भविष्य को ध्यान में रखते हुए फैसला लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि “BCB को एक स्वतंत्र संस्था है. सरकार का रोल जरूर अहम होता है, लेकिन अगर बोर्ड को इंडिपेंडेंट बॉडी कहा जाता है तो उसे अपने फैसले खुद लेने चाहिए. किसी के दबाव या लोगों की भावनाओं के आधार पर जल्दबाजी में फैसला नहीं लेना चाहिए.”
तमीम ने आगे कहा, “आज लिया गया फैसला आने वाले 10 सालों तक असर डाल सकता है, इसलिए बोर्ड को बांग्लादेशी खिलाड़ियों और देश के क्रिकेट के भविष्य को ध्यान में रखते हुए ही कोई स्टैंड लेना चाहिए.” उन्होंने साफ कहा कि ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे आगे चलकर दिक्कतें खड़ी हों.
BCB ऑफिशियल ने तमीम को कहा ‘भारत का एजेंट’
हालांकि, तमीम इकबाल की ये बातें BCB के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के अहम सदस्य नजमुल इस्लाम को बिल्कुल पसंद नहीं आई. उन्होंने तमीम पर पलटवार करते हुए उन्हें ‘भारत का एजेंट’ तक कह दिया. नजमुल का मानना है कि तमीम ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि वह बांग्लादेश के फैसलों के खिलाफ खड़े हैं. नजमुल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालते हुए लिखा, “इस बार बांग्लादेश ने भारतीय एजेंट की पहचान खुद देख ली है.”
बांग्लादेश ने भारत में खेलने से क्यों किया इनकार?
गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका में होना है, जबकि पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे. लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC को चिट्ठी लिखकर दावा किया कि भारत में सुरक्षा को लेकर दिक्कतें हैं और इसी वजह से वह अपनी टीम को कोलकाता और मुंबई में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने के लिए भारत नहीं भेजना चाहता.
हालांकि, ICC ने बांग्लादेश के इस मांग को ठुकारते हुए उसे भारत में ही खेलने की सलाह दी है और साथ ही कहा कि अगर सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या है, तो उसे डिटेल में बताएं. इसके बाद अब BCB ने दूसरा मेल भेजकर अपनी मांग दोहराई है और अपने फैसले पर कायम रहने की बात कही है.

