Team India Probabale Playing XI For 1st ODI vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत 11 जनवरी से होने जा रही है. सीरीज का पहला मुकाबला बड़ोदरा के कोटांबी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले लिए दोनों टीमें बड़ोदरा पहुंच चुकी हैं और अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं.
टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि माइकल ब्रेसवेल कीवी टीम की कप्तानी संभालेंगे. दोनों ही टीमें जीत के साथ सीरीज का आगाज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. ऐसे में आइए जानते हैं न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन कैसी हो सकती है.
कप्तान गिल के साथ रोहित शर्मा करेंगे ओपन
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारतीय कप्तान शुभमन गिल के साथ पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भारतीय पारी की शुरुआत करते हुए नजर आएंगे. रोहित-गिल ने पहले भी भारत के लिए ओपनिंग की है और शानदार शुरुआत दिलाई है. ओपनिंग जोड़ी लगभग तय है, इसलिए यशस्वी जायसवाल को पहले मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह न मिले की संभावना बेहद कम है.
इसके बाद नंबर-3 पर विराट कोहली का उतरना तय माना जा रहा है. रोहित और विराट दोनों ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में खेले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन किया था. वहीं, चौथे नंबर पर श्रेयस अय्यर खेलते नजर आ सकते हैं, जो चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं. अय्यर ने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में अपने पहले मैच अर्धशतक लगाकर फॉर्म साबित किया था.
केएल राहुल संभालेंगे विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी
भारतीय टीम में विकेटकीपर के रूप में केएल राहुल और ऋषभ पंत दोनों शामिल हैं. हालांकि, पहले मैच में राहुल को मौका मिल सकता है और पंत को बैकअप कीपर के तौर पर बाहर बैठना पड़ सकता है. वहीं, टीम इंडिया इस मैच में तीन ऑलराउंडर्स के साथ उतर सकती है. वॉशिंग्टन सुंदर, रवींद्र जडेजा और नितीश कुमार रेड्डी को प्लेइंग XI में जगह मिलने की उम्मीद है. इससे टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में गहराई मिलेगी.
इसके अलावा, तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह संभाल सकते हैं. हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा भी स्क्वॉड में हैं, लेकिन अगर सुंदर और जडेजा दोनों खेलते हैं तो राणा और प्रसिद्ध के लिए जगह बनना मुश्किल हो सकता है. वहीं, स्पिन डिपार्टमेंट में चाइनामैन कुलदीप यादव के खेलने की पूरी संभावना है.
पहले वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंग्टन सुंदर, रवींद्र जडेजा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव.
न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए भारत का स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जयसवाल.

