Dhruv Jurel named as replacement

IND vs NZ: ऋषभ पंत हुए बाहर तो इस खिलाड़ी की चमक उठी किस्मत, एक दिन पहले स्क्वाड में मिली जगह

IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत इंजरी के चलते इस पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. बीसीसीआई की तरफ से इस बात की आधिकारिक जानकारी सामने आ चुकी है. बोर्ड की तरफ से इसको लेकर एक प्रेस रिलीज जारी की गई है, जिसमें बताया गया है कि टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन के दौरान शनिवार को पंत को दिक्कत हुई थी, जिसके बाद अब वो सीरीज से बाहर हैं. उनकी जगह ध्रुव जुरेल को टीम इंडिया के स्क्वाड में शामिल किया गया है. 

प्रैक्टिस के दौरान पंत को लगी चोट

ऋषभ पंत को सीरीज शुरू होने के एक दिन पहले हुए प्रैक्टिस सेशन में दिक्कत हुई. वडोदरा के बीसीए स्टेडियम के नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए उनके दाहिने पेट की तरफ परेशानी हुई. इसके तुरंत बाद उनको एमआरआई स्कैन के लिए ले जाया गया. सामने आई रिपोर्ट के अनुसार उन्हें साइड स्ट्रेन है और इसी के चलते उनको पूरी वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया है. 

पंत वनडे टीम इंडिया का हिस्सा बीते काफी लंबे समय से हैं. बतौर बैकअप विकेटकीपर बल्लेबाज उनको टीम में शामिल किया जाता है. हालांकि, पंत ने टीम इंडिया के लिए आखिरी बार साल 2024, अगस्त में कोई वनडे मुकाबला खेला था. 

ध्रुव जुरेल को स्क्वाड में मिली जगह

ऋषभ पंत के बाहर होने से ध्रुव जुरेल की किस्मत चमक उठी और उन्हें टीम इंडिया में शामिल होने का मौका मिला है. जुरेल टीम के लिए टी20 और टेस्ट में डेब्यू कर चुके हैं लेकिन अभी तक उनको एक बार भी वनडे मैच खेलने का मौका नहीं मिल पाया है. इस सीरीज में वो वनडे फॉर्मेट में भी डेब्यू करते हुए दिख सकते हैं. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने लगातार कमाल का प्रदर्शन किया है, जिसके चलते सिलेक्टर्स ने उनको पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है.

ये भी पढ़िए- WPL 2026: MI ने दर्ज की सीजन की पहली जीत, नैट साइवर-ब्रंट के ऑलराउंडर प्रदर्शन के आगे पस्त हुई DC