IND vs NZ 1st ODI, Virat Kohli Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज (11 जनवरी) वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. इस मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग XI में तीन बड़े बदलाव देखने को मिले हैं.
कप्तान गिल के साथ-साथ श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी हुई है. वहीं, टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी इस मैच का हिस्सा हैं. कोहली ने मैदान पर उतरते ही एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस मामले में उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया है.
विराट कोहली ने तोड़ा गांगुली का रिकॉर्ड
विराट कोहली जब भी मैदान पर उतरते हैं, तो कोई न कोई रिकॉर्ड जरूर बना देते हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा में पहला वनडे मैच खेलने उतरे कोहली ने एक नया मुकाम हासिल कर लिया. दरअसल, यह मुकाबला कोहली के करियर का 309वां वनडे मैच है. इसके साथ ही वह वनडे फॉर्मेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं.
इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने अपने करियर में भारत के लिए 308 वनडे मैच खेले थे. इस लिस्ट में नंबर-1 पर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का नाम है, जिन्होंने भारत के लिए कुल 463 वनडे मैच खेले हैं. इसके बाद, लिस्ट में एमएस धोनी (347), राहुल द्रविड़ (340) और मोहम्मद अजहरुद्दीन (334) का नाम आता है.
भारत के लिए सबसे ज्यादा ODI मैच खेलने वाले खिलाड़ी
- सचिन तेंदुलकर – 463
- एमएस धोनी – 347
- राहुल द्रविड़ – 340
- मोहम्मद अजहरुद्दीन – 334
- विराट कोहली – 309*
- सौरव गांगुली – 308
पोंटिंग और सहवाग को भी पछाड़ने का मौका
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में विराट कोहली का रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. अब तक उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ 6 वनडे शतक लगाए हैं और इस मामले में वह रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. अगर कोहली इस सीरीज में एक और शतक लगाने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे और पोंटिंग व सहवाग दोनों को पीछे छोड़ देंगे.
पहले वनडे के लिए भारत की प्लेइंग XI
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज.

