Team India

T20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर सौरव गांगुली की बड़ी भविष्यवाणी, बताया टीम इंडिया क्यों है फेवरेट?

Sourav Ganguly On T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने में अब एक महीने से भी कम समय बचा है. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें खिताब के लिए जंग करेंगी. टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले कई क्रिकेट एक्सपर्ट्स और दिग्गज खिलाड़ी सेमीफाइनलिस्ट, फाइनलिस्ट और चैंपियन टीम को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं.

इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने एक बड़ी भविष्यवाणी कर दी है. गांगुली का मानना है कि डिफेंडिंग चैंपियन भारत इस बार भी खिताब जीतने का सबसे बड़ा दावेदार है. साथ ही उन्होंने इसके पीछे की बड़ी वजह भी बताई है.

सौरव गांगुली ने भारत को बताया टी20 वर्ल्ड कप का फेवरेट

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में ट्रॉफी बचाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का मानना है कि भारतीय टीम अपने घर में टी20 वर्ल्ड कप खिताब को डिफेंड करने में कमायाब रहेगी. भारत की ताकत पर बात करते हुए गांगुली ने टीम के मजबूत स्पिन अटैक की जमकर तारीफ की और खासकर वरुण चक्रवर्ती की फिटनेस और मौजूदगी को बड़ा फैक्टर बताया है.

न्यूज एजेंसी PTI से बात करते हुए गांगुली ने कहा, “भारत हमेशा से मेरी फेवरेट टीम रही है, क्योंकि उनके पास दुनिया के सबसे बेहतरीन स्पिनर हैं. वरुण चक्रवर्ती फिट हैं और इस वर्ल्ड कप में भारत सबसे मजबूत दावेदार है. हालांकि, टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक कोई भी टीम अपना खिताब डिफेंड नहीं कर पाई है, लेकिन इस बार भारत के पास इतिहास रचने का शानदार मौका है.

15 फरवरी को होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत को पाकिस्तान, यूएसए, नीदरलैंड्स और नामीबिया के साथ रखा गया है. टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को यूएसए के खिलाफ मुकाबले से करेगी. इसके बाद भारतीय टीम अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी. दोनों टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला 15 फरवरी को खेला जाएगा. बीसीसीआई ने पहले ही टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है.

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: मैदान पर उतरते ही विराट कोहली ने हासिल किया बड़ा मुकाम, तोड़ा सौरव गांगुली का रिकॉर्ड