Kristian Clarke

कौन हैं Kristian Clarke? जिन्होंने भारत के खिलाफ किया अपना इंटरनेशनल डेब्यू, झटक चुके हैं 150 से ज्यादा विकेट

Who is Kristian Clarke: भारत के खिलाफ पहले वनडे में न्यूजीलैंड ने एक नए चेहरे को आजमाते हुए तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर क्रिस्टियन क्लार्क को इंटरनेशनल डेब्यू का मौका दिया है. कीवी टीम के कप्तान माइकल ब्रेसवेल ने मैच से एक दिन पहले ही इसकी जानकारी दे दी थी और कहा था कि क्लार्क ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और इसलिए उन्हें ये बड़ा मौका मिला है.

24 साल के क्लार्क घरेलू क्रिकेट में 150 से ज्यादा विकेट चटका चुके हैं और वह अपनी तेज गेंदबाजी के साथ-साथ बल्ले से भी धमाल मचाने के लिए जाने जाते हैं. तो चलिए जानते हैं कौन हैं भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड के लिए डेब्यू करने वाले क्रिस्टियन क्लार्क.

कौन हैं क्रिस्टियन क्लार्क?

क्रिस्टियन क्लार्क एक पेस-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं और उनका जन्म 6 मार्च 2001 को न्यूजीलैंड के ते अवामुतु, वाइकाटो कस्बे में हुआ था. यह छोटा सा कस्बा लगभग 14 हजार लोगों का है और क्रिकेट से ज्यादा अपने रोज गार्डन के लिए मशहूर है. क्लार्क 2020 अंडर-19 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा रहे थे. उस टूर्नामेंट में क्लार्क न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे.

उन्होंने क्वार्टर फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था, जहां उन्होंने 25 रन देकर चार विकेट लिए और फिर 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 46 रन बनाए. यह अंडर-19 वर्ल्ड कप में 10वें नंबर पर बल्लेबाज का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.

क्रिस्टियन क्लार्क का करियर

क्लार्क ने साल 2022 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कदम रखा था. उन्होंने अब तक 28 फर्स्ट क्लास मैचों में 79 विकेट और 928 रन बना चुके हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम 52 विकेट और 373 रन, जबकि 22 टी20 मैचों में 24 विकेट और 61 रन हैं. उन्होंने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में एक शानदार शतक भी जड़ा था.

2020 अंडर-19 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा रहे क्लार्क को 6 साल बाद न्यूजीलैंड की सीनियर टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का मौका मिला है. भारत दौरे से पहले उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और फिर वेस्टइंडीज के साथ टेस्ट सीरीज में भी टीम में चुना गया था, लेकिन वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए थे.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: न्यूजीलैंड की ओपनिंग जोड़ी ने किया ये बड़ा कमाल, 27 साल बाद भारत में दोहराया इतिहास