India vs New Zealand 1st ODI: टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में 4 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए भारत के सामने 301 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में टीम इंडिया ने 49 ओवर में ही 306 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया. इस मैच में विराट कोहली ने शानादर 93 रनों की पारी खेली और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.
विराट कोहली ने खेली शानदार पारी
301 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने अच्छी शुरुआत दिलाई. हालांकि, रोहित 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद तीसरे नंबर पर बैटिंग करने उतरे विराट कोहली ने कप्तान गिल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी की. गिल 71 गेंदों पर 56 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 3 चौके और दो छक्के लगाए.
वहीं, कोहली एक छोर पर टिके रहे और 91 गेंदों पर 93 रनों की लाजवाब पारी खेली. अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और एक छक्का जड़ा. हालांकि, वह शतक लगाने से चूक गए. उनके अलावा, श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों पर 4 चौके और एक छक्के की मदद से 49 रन बनाए. आखिर में हर्षित राणा ने 29 रन बनाए और फिर केएल राहुल ने नाबाद 29 रन बनाकर भारत को जीत दिला दी. राहुल ने विनिंग छक्का लगाया. इस तरह भारत ने 49 ओवर में ही 6 विकेट पर 306 रन बनाकर मैच जीत लिया.
न्यूजीलैंड ने बनाए थे 300 रन
इससे पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रनों का स्कोर खड़ा किया. न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल ने शानदार 84 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगे. उनके अलावा, डेवोन कोनवे ने 56 रन और हेनरी निकोल्स ने 62 रन बनाए.
आखिर में डेब्यूटांट क्रिस्टियन क्लार्क ने 17 गेंदों पर 24 रनों का योगदान दिया. वहीं, भारत की ओर से मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव ने एक विकेट हासिल किया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने इस तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. अब सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 जनवरी को राजकोट में खेला जाएगा.

