IND vs NZ 1st ODI, Virat Kohli Records: वडोदरा में खेले जा रहे न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में विराट कोहली का बल्ला एक फिर गरजा और उन्होंने धमाकेदार अर्धशतक ठोक इतिहास रच दिया. कोहली ने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 93 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इस शानदार पारी के साथ ही उन्होंने 2 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं. कोहली ने एक साथ सचिन तेंदुलकर और कुमार संगाकारा दोनों का रिकॉर्ड ध्वस्त कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है.
विराट कोहली ने रचा इतिहास
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में नंबर-3 बैटिंग करने उतरे विराट कोहली मैदान पर आते ही धमाकेदार बल्लेबाजी शुरू कर दी और तेजी से रन बटोरते हुए अर्धशतक जड़ा दिया. कोहली ने इस मैच में 91 गेंदों पर 93 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया. हालांकि, वह शतक लगाने से चूक गए. वहीं, कोहली ने इस मैच में 25 रन बनाते ही इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 28,000 रन पूरे कर लिए. इस बड़े मुकाम तक पहुंचने वाले विराट दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं.
उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ सचिन तेंदुलकर और कुमार संगकारा ही कर पाए थे. खास बात यह है कि विराट ने यह उपलब्धि सबसे तेज हासिल की है और उन्होंने सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है. सचिन ने 644 पारियों में 28,000 रन पूरे किए थे, जबकि संगकारा ने 666 पारियों में यह कारनामा किया था. वहीं विराट ने सिर्फ 624वीं पारी में यह कमाल कर इतिहास रच दिया है.
सबसे तेज 28,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज
- विराट कोहली – 624 पारियां
- सचिन तेंदुलकर – 644 पारियां
- कुमार संगकारा – 666 पारियां
कुमार संगकारा को छोड़ा पीछे
इसके अलावा, किंग कोहली ने कुमार संगकारा का एक और बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. विराट ने जैसे ही अपनी पारी में 42 रन पूरे किए, वह इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. अब विराट के नाम तीनों फॉर्मेट मिलाकर 28,017 रन हो चुके हैं, जबकि संगकारा के नाम कुल 28,016 रन थे. इस लिस्ट में अब विराट सिर्फ सचिन तेंदुलकर से पीछे हैं, जिनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 34357 रन दर्ज हैं.
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
- सचिन तेंदुलकर – 34,357
- विराट कोहली – 28,017
- कुमार संगकारा – 28,016
- रिकी पोंटिंग – 27,483
- महेला जयवर्धने – 25,957

