VHT 2025-26: भारत का घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी का लेटेस्ट सीजन अब अपने नॉकआउट चरण की तरफ बढ़ चुका है. कर्नाटक की टीम ने क्वार्टर फाइनल के मैच में मुंबई को 55 रनों से हरा सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने इस मैच में भी दमदार बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के गेंदबाजों की नाक में दम कर दिया. कर्नाटक की इस जीत में करुण नायर ने भी उनका बखूबी साथ दिया. बारिश से बाधित मुकाबले में दोनों के बीच नाबाद 142 रनों की साझेदारी हुई, जिसके दम पर टीम ने जीत दर्ज की है. पडिक्कल का बल्ला टूर्नामेंट में धमाकेदार अंदाज में गरज रहा है और वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
🚨Devdutt Padikkal has the highest batting average in List A cricket in the world 🔥 pic.twitter.com/sKacLzIZla
— RCB (@RCBtweetzz) January 12, 2026
पडिक्कल के आगे विरोधी हुए पस्त
देवदत्त पडिक्कल ने मुंबई के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 95 गेंदों में 81 रनों की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 11 चौके जड़े. अब तक टूर्नामेंट में पडिक्कल 4 शतक जड़ चुके हैं. इसी के साथ ये उनका छठा 50+ का स्कोर रहा. अब तक टूर्नामेंट में खेली 8 पारियों में उनके बल्ले से 103 की बेहतरीन औसत से 721 रन निकले हैं. सेमीफाइनल और फाइनल में भी अगर उनका बल्ला इसी तरह से रनों का अंबार लगाता रहा तो कर्नाटक के लिए खिताब ज्यादा दूर नहीं होगा.
बारिश से बाधित रहा क्वार्टर फाइनल का मैच
मुंबई की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 254 रन का स्कोर खड़ा किया. इस मैच में टीम के लिए कोई भी स्टार बल्लेबाज नहीं खेल रहा था तो ऐसे में टीम की बल्लेबाजी बिखरती हुई नजर आई. इस सीजन कमाल की लय में नजर आ रहे सरफराज खान इंजरी के चलते इस मैच से बाहर हो गए थे. टीम के लिए शम्स मुलानी ने सबसे ज्यादा 91 गेंदों में 86 रनों की पारी खेली. इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक की टीम 33 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाने में कामयाब रही. इसके बाद बारिश के चलते मुकाबला दोबारा शुरू नहीं हो पाया और वी जयदेवन मेथड के तहत कर्नाटक को मैच में विजयी घोषित कर दिया गया.

