RCB shifting venue for IPL 2026

IPL 2026 शुरू होने से पहले RCB फैंस के लिए आई दिल तोड़ने वाली खबर, अचानक बदल गया होम ग्राउंड!

IPL 2026: आईपीएल की डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के फैंस के लिए नए सीजन की शुरुआत से पहले एक बुरी खबर सामने आ रही है. टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से सामने आ रही जानकारी के अनुसार टीम इस सीजन अपना एक भी मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं खेल पाएगी. फ्रेंचाइजी इस सीजन अपने होम मुकाबले नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम और रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेलेगी. पिछले साल खिताब का सूखा खत्म करने के बाद जश्न के माहौल में खलल पड़ गया था जब सेलिब्रेशन के वक्त चिन्नास्वामी में भगदड़ मच गई थी. इसके बाद सुरक्षा कारणों के चलते इस मैदान पर मुकाबले नहीं खेले जा रहे हैं.

नई मीटिंग में लिया गया फैसला

पिछले साल हुई भगदड़ के बाद आरसीबी इस बार टीम के मुकाबले चिन्नास्वामी में कराने की इच्छुक नजर नहीं आ रही है. टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक ऑफिशियल के साथ हुई लेटेस्ट मीटिंग में ये फैसला लिया गया है. सोर्स ने इस बारे में बताते हुए कहा, “आरसीबी की टीम आईपीएल 2026 के 5 मुकाबले नवी मुंबई तो वहीं 2 मैच रायपुर में खेलेगी. आरसीबी के ऑफिशियल्स ने तय किया है.” आरसीबी के फैंस इस खबर के सामने आने के बाद से काफी निराश नजर आ रहे हैं क्योंकि वो अपने पसंदीदा विराट कोहली को इस बार होम ग्राउंड में खेलते हुए नहीं देख पाएंगे. 

भगदड़ में गई थी 11 लोगों की जान

आरसीबी ने 17 सालों के सूखे को खत्म करते हुए रजत पाटीदार की कप्तानी में खिताब जीता था. इसके बाद खिलाड़ियों समेत सभी फैंस जश्न में डूब चुके थे. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खिलाड़ियों की मौजूदगी में सेलिब्रेशन चल रहा था तभी मैदान के बाहर अचानक मची भगदड़ में 11 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी, जिसके बाद जमकर बवाल मचा था. इस घटना के बाद से चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोई भी मैच नहीं हुआ है. हाल ही में केसीए की तरफ से कहा गया था कि स्टेडियम एक बार फिर से मैच के लिए तैयार है लेकिन आरसीबी फ्रेंचाइजी इस बार इसके लिए तैयार नजर नहीं आ रही है. 

ये भी पढ़िए- WPL 2026: RCB ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत, ग्रेस हैरिस के ‘तूफान’ में उड़ी UP वॉरियर्स की टीम