Harmanpreet Kaur

MI vs GG: हरमनप्रीत कौर के पास इतिहास रचने का मौका, WPL में ऐसा कारनामा करने वाली बन जाएंगी पहली भारतीय खिलाड़ी

WPL 2026, MI vs GG: महिला प्रीमियर लीग 2026 का छठा मुकाबला मंगलवार (13 जनवरी) को मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है. वहीं, इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हरमनप्रीत कौर के पास इतिहास रचने का मौका होगा. अगर हरमनप्रीत इस मैच में सिर्फ 55 रन बनाने में कामयाब रहती है तो वह WPL में वो कारनामा कर देगी जो आज तक कोई भारतीय खिलाड़ी नहीं कर सकी थी.

हरमनप्रीत कौर के पास इतिहास रचने का मौका

MI की कप्तान हरमनप्रीत कौर इस समय शानदार फॉर्म में चल रही हैं. हरमनप्रीत ने अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नाबाद 74 रनों की धुआंधार पारी खेली थी. अब उनके पास WPL के इतिहास में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. अगर हरमनप्रीत गुजरात जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में 55 रन बना लेती हैं, तो वह WPL में 1000 रन बनाने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगी.

इसके अलावा, वह WPL के इतिहास में 1000 रन बनाने वाली ओवरलऑल दूसरी खिलाड़ी भी बन जाएंगी. उनसे पहले मुंबई इंडियंस की ही नैट सीवर ब्रंट इस टूर्नामेंट में 1000 से ज्यादा रन बना चुकी हैं. उनके अलावा, कोई और खिलाड़ी अब तक ये कारनामा नहीं कर सकी है. सीवर ब्रंट ने WPL में अब तक खेले 31 मैचों में 1101 रन बनाए हैं. वहीं, हरमनप्रीत ने WPL में अब तक खेले कुल 29 मैचों की 28 पारियों में 42.95 की औसत से 945 रन बनाए हैं.

मैग लैनिंग और एलिस पेरी को भी छोड़ देंगी पीछे

वहीं, हरमनप्रीत कौर गुजरात जायंट्स के खिलाफ मैच अगर 52 रन बना लेती हैं तो वह WPL के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में मैग लैनिंग (996 रन) और एलिस पेरी (972 रन) जैसी दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर दूसरे नंबर पर पहुंच जाएंगी. फिलहाल वह इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं. वह इस लिस्ट में 5वें नंबर पर शेफाली वर्मा हैं, जिन्होंने 29 मैचों में 887 रन बनाए हैं.

इसके अलावा, हरमनप्रीत के पास इस मैच में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. अगर हरमनप्रीत इस मैच में चार छक्के लगा देती हैं तो वह WPL इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाली संयुक्त रूप से तीसरी खिलाड़ी बन जाएंगी. वह 30 छक्कों के साथ सोफी डिवाइन और ऋचा घोष की बराबरी कर लेंगी. फिलहाल WPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम हैं, जिन्होंने 29 मैचों में कुल 49 छक्के जड़े हैं.

ये भी पढ़ें- 19 छक्के, 214 रन, 178 का स्ट्राइक रेट…IPL 2026 से पहले धुआंधार बल्लेबाजी कर रहा MI का ये स्टार ऑलराउंडर