T20 World Cup 2026, BCB vs BCCI: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले नहीं खेलने के अपने फैसले पर अड़ा है. मंगलवार, 13 जनवरी को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ हुई मीटिंग में BCB ने एक बार फिर सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम को भारत भेजने से साफ इनकार कर दिया. बोर्ड ने एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी है. हालांकि, ICC ने बांग्लादेश बोर्ड को इस फैसले पर फिर से विचार करने के लिए कहा है.
ICC ने BCB के वेन्यू बदलने की मांग को ठुकराया
भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खेलने पर अब भी संशय बना हुआ है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले नहीं खेलने का फैसला किया है और ICC से वेन्यू बदलने की मांग की है. हालांकि, ICC ने BCB के इस मांग को ठुकरा दिया है, लेकिन बांग्लादेश बोर्ड अब भी अपनी इस जिद्द पर अड़ा हुआ है.
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को आईसीसी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई मीटिंग में BCB ने फिर से अपना पुराना राग अलापा और सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया. लेकिन ICC ने साफ कहा कि शेड्यूल का ऐलान हो चुका है और ऐसे में वेन्यू में बदलाव करना आसान नहीं होगा. इसके साथ ही ICC ने BCB को भारत में वर्ल्ड कप मुकाबले न खेलने के फैसले पर फिर से विचार करने के लिए कहा.
BCB ने जारी किया बयान
मंगलवार को BCB ने एक बयान जारी कर कहा, “चर्चा के दौरान, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए भारत यात्रा न करने के अपने फैसले की पुष्टि की. बोर्ड ने आईसीसी से बांग्लादेश के मैचों को भारत से बाहर स्थानांतरित करने पर विचार करने का अनुरोध भी दोहराया. जबकि ICC ने बताया कि टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही घोषित हो चुका है और BCB से अपने रुख पर फिर से विचार करने का अनुरोध किया, बोर्ड का रुख अपरिवर्तित रहा। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि संभावित समाधान खोजने के लिए बातचीत जारी रहेगी.”
BCB अपने खिलाड़ियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की भलाई की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है, साथ ही इस मामले को सुलझाने के लिए ICC के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है. इस अहम मीटिंग में BCB के अध्यक्ष एमडी अमीनुल इस्लाम, उपाध्यक्ष एमडी शकावत हुसैन और फारूक अहमद के साथ-साथ क्रिकेट संचालन समिति के अध्यक्ष व निदेशक नजमुल अबदीन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजाम उद्दीन चौधरी भी शामिल रहे.

