Toby Radford Appointed Afghanistan’s Batting Coach: 7 फरवरी से आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने वाला है, जिसमें कुल 20 टीमें खिताब के लिए एक-दूसरे से भिड़ेंगी. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें जमकर तैयारियां कर रही हैं. इसी बीच अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है.
अफगानिस्तान ने इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर टोबी रैडफोर्ड को अपना नया बैटिंग कोच नियुक्त किया है. रैडफोर्ड बतौर अफगानिस्तान के बैटिंग कोच एंड्रयू पुटिक की जगह लेंगे और वह वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले टीम से जुड़ जाएंगे.
अफगानिस्तान के नए बैटिंग कोच बने टोबी रैडफोर्ड
T20 वर्ल्ड कप से पहले अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा फैसला करते हुए टोबी रैडफोर्ड को अपना नया बैटिंग कोच बनाया है. इसके साथ ही बोर्ड ने रॉबर्ट अहमून को नया स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग ट्रेनर भी नियुक्त किया है. दोनों एक साल के लिए अफगानिस्तान के कोचिंग स्टाफ में शामिल होंगे. ये दोनों वर्ल्ड कप से पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले तीन मैचों की टी20 सीरीज से पहले अफगानिस्तान टीम से जुड़ जाएंगे.
अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत 19 जनवरी को होगी, जिसका दूसरा मुकाबला 21 और तीसरा मुकाबला 22 जनवरी को दुबई में खेला जाएगा.
रैडफोर्ड के पास कोचिंग का अच्छा-खासा अनुभव
टोबी रैडफोर्ड एक जाने-माने क्रिकेट कोच और इंग्लैंड में फर्स्ट-क्लास क्रिकेटर रह चुके हैं. रैडफोर्ड मिडलसेक्स और ससेक्स के लिए खेल चुके हैं और ECB लेवल 4 सर्टिफाइड कोच हैं. उनके पास बतौर बैटिंग कोच का अच्छा-खासा अनुभव हैं. वह अभी BPL की टीम ढाका कैपिटल्स के हेड कोच के तौर पर काम कर रहे हैं.
उन्होंने 2022 से 2024 के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में बतौर बैटिंग कोच काम किया. इससे पहले वह 2 साल तक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) में हाई परफॉर्मेंस के हेड के तौर पर काम कर चुके हैं.
वेस्टइंडीज के T20 वर्ल्ड कप जीत रह चुके हैं हिस्सा
गौरतलब है कि रैडफोर्ड 2012 में ICC टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की जीत और 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत के दौरान कैरेबियन टीम के कोचिंग स्टाफ का अहम हिस्सा रह चुके हैं. उन्होंने अपनी कोचिंग में साल 2008 में मिडलसेक्स को नेशनल T20 खिताब दिलाया था और ग्लैमॉर्गन के हेड कोच के रूप में भी काम किया.
वहीं, वेल्स के कार्डिफ के रहने वाले अहमून एक एलीट स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग स्पेशलिस्ट हैं. उन्होंने हाल ही में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के लिए परफॉर्मेंस साइंस और मेडिसिन के हेड के तौर पर काम किया है. उन्होंने दिसंबर 2022 से इस पद पर कार्यरत थे और इंग्लिश खिलाड़ियों की देखरेख कर रहे थे. अब वह अफगानिस्तान के कोचिंग स्टाफ में यह अहम जिम्मेदारी संभालते हुए नजर आएंगे.

