Vijay Hazare Trophy 2025-26 Semi Finals Schedule: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 सीजन अब अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच चुकी है. 24 दिसंबर से शुरू हुए इस 50 ओवर के घरेलू टूर्नामेंट के करीब तीन हफ्तों बाद अब चारों सेमीफाइनलिस्ट टीमें तय हो गई हैं. 12 जनवरी को कर्नाटक और सौराष्ट्र ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना ली थी. वहीं, अब मंगलवार, 13 जनवरी को विदर्भ और पंजाब ने भी अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज करते हुए अंतिम-4 में एंट्री मार ली है. तो चलिए जानते हैं सेमीफाइनल में कब और किन टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे.
पंजाब और विदर्भ ने सेमीफाइनल में जगह बनाई
पंजाब की टीम ने मंगलवार को तीसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश को एकतरफा अंदाज में 183 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई. इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 345 रनों का स्कोर खड़ा किया था. टीम के लिए ओपनिंग जोड़ी हरनूर सिंह (51) और कप्तान प्रभसिमरन सिंह (88) ने पहले विकेट के लिए 116 रन जोड़े. इसके अलावा, अनमोलप्रीत सिंह ने 70 और नेहाल वढेरा ने 56 रनों की अहम पारी खेली. इसके जवाब में उतरी मध्य प्रदेश की टीम शुरू में ही लड़खड़ा गई और सिर्फ 31.2 ओवर में 162 रन पर ही ढेर हो गई. वहीं, पंजाब के लिए सनवीर सिंह ने 3 विकेट लिए, जबकि गुरनूर बरार, कृष भगत और रमनदीप सिंह को 2-2 सफलता मिली. मयंक मार्कंडे ने भी एक विकेट अपने नाम किया.
वहीं, चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में विदर्भ क्रिकेट टीम ने दिल्ली का सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना तोड़ दिया. इस मुकाबले में यश राठौड़ और अथर्व तायड़े की दमदार पारियों की मदद से विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 300 रन बनाए थे. वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम 45.1 ओवर में 224 रन पर सिमट गई. विदर्भ की ओर से नचिकेत भूटे ने 4 विकेट चटकाए, जबकि कप्तान हर्ष दुबे ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा.
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 सेमीफाइनल का शेड्यूल
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में कर्नाटक का सामना विदर्भ की टीम से होगा. यह मैच 15 जनवरी को बेंगलुरु के BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेला जाएगा. वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में सौराष्ट्र और पंजाब की टीमें आमने-सामने होंगी. यह मैच भी बेंगलुरु के BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेला जाएगा. दोनों मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे से शुरू होगा. सेमीफाइनल की विजेता टीमों के बीच 18 जनवरी को फाइनल मुकाबला बेंगलुरु में खेला जाएगा.
| तारीख | मैच | टीमें | स्थान | समय |
|---|---|---|---|---|
| 15 जनवरी | पहला सेमीफाइनल | कर्नाटक बनाम विदर्भ | बेंगलुरु | सुबह 9 बजे |
| 16 जनवरी | दूसरा सेमीफाइनल | सौराष्ट्र बनाम पंजाब | बेंगलुरु | सुबह 9 बजे |
| 18 जनवरी | फाइनल | सेमीफाइनल विजेता | बेंगलुरु | — |

