Jitesh Sharma

T20 World Cup के लिए टीम इंडिया में नहीं चुने जाने पर टूटा जितेश शर्मा का दिल, बयां किया अपना दर्द

Jitesh Sharma Open up on T20 World Cup Snub: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा ने हाल ही में एक बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की 15 सदस्यीय टीम से बाहर किए जाने की खबर सुनकर वह काफी निराश हो गए थे. उन्होंने कहा कि उन्हें इस फैसले की जानकारी टीम के आधिकारिक ऐलान के बाद ही मिली.

पिछले एक साल से भारत की टी20 टीम का नियमित हिस्सा रहे जितेश दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुई टी20 सीरीज में भी टीम का हिस्सा थे, लेकिन सीरीज के खत्म होने के अगले दिन ही उन्हें टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर कर दिया गया, जो उनके लिए काफी बड़ा झटका था.

T20 वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुने जाने पर झलका जितेश शर्मा का दर्द

32 साल के जितेश शर्मा ने सितंबर 2025 में एशिया कप के दौरान भारत की टी20 टीम में वापसी की थी. हालांकि, उस टूर्नामेंट में वह ज्यादातर संजू सैमसन के बैकअप की भूमिका में रहे. लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर संजू के मिडिल ऑर्डर में फ्लॉप होने के बाद जितेश को मौका मिला. इसके बाद उन्होंने लगातार 7 टी20 मैच खेले, जिनमें अहमदाबाद में खेला गया भारत का आखिरी टी20 भी शामिल था.

लेकिन हैरानी की बात ये रही कि उस मैच के अगले ही दिन वर्ल्ड कप टीम में उनका नाम नहीं था. अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली सिलेक्शन कमिटी ने जितेश के साथ-साथ उपकप्तान शुभमन गिल को भी टीम से बाहर कर दिया. उनकी जगह रिंकू सिंह और बैकअप ओपनर और विकेटकीपर के तौर पर ईशान किशन को टीम में शामिल किया. वहीं, अब टी20 वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिलने पर जितेश ने अपना दर्द बयां दिया है.

‘यह दिल तोड़ने वाला था’ – जितेश

क्रिकट्रैकर से बातचीत में जितेश ने बताया कि उन्हें अपने बाहर होने की जानकारी टीम के ऐलान के बाद ही मिली. उन्होंने कहा “मुझे अपनी बाहर होने की जानकारी तब मिली जब टीम की घोषणा हुई. उसके बाद मैंने चयनकर्ताओं द्वारा दिए गए कारण को समझा और वह सही वजह भी थी. बाद में कोच और चयनकर्ताओं से बात हुई और वे मुझे जो समझाना चाहते थे, वह मैं समझ गया और मैं उनके तर्क से सहमत था

वहीं, जितेश ने माना कि वर्ल्ड कप टीम से बाहर होना दिल तोड़ने वाला था, क्योंकि उन्होंने इसके लिए काफी मेहनत की थी. उन्होंने कहा कि परिवार और RCB के बैटिंग कोच दिनेश कार्तिक से बात करने के बाद वह उस निराशा से उबर पाए. उन्होंने कहा, “यह दिल तोड़ने वाला था, क्योंकि मैंने टी20 वर्ल्ड कप में खेलने के लिए बहुत मेहनत की थी. लेकिन किस्मत को यही मंजूर है, मैं कुछ नहीं कर सकता. उस समय मैं सुन्न हो गया था और कुछ समझ नहीं पा रहा था. परिवार के साथ समय बिताने और दिनेश कार्तिक से बात करने से मुझे आगे बढ़ने में मदद मिली.”

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का स्क्वॉड

सुर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, हर्षित राणा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, कुलदीप यादव, हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन, रिंकू सिंह.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: न्यूजीलैंड की परेशानी बने विराट कोहली, दूसरे ODI में 1 रन बनाते ही तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ये महारिकॉर्ड