K Srikkanth On Ayush Badoni's ODI Selection

IND vs NZ: आयुष बडोनी को टीम इंडिया में शामिल किए जाने पर भड़के श्रीकांत, सिलेक्टर्स पर उठाए सवाल

K Srikkanth On Ayush Badoni’s ODI Selection: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम के चयन को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर और चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने चोटिल वाशिंगटन सुंदर की जगह आयुष बडोनी को टीम में शामिल किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

श्रीकांत ने इस फैसले को पूरी तरह गलत बताया और चयन प्रक्रिया में पक्षपात होने का आरोप लगाया है. वहीं, टीम मैनेजमेंट ने इस फैसले को टीम की जरूरत और संतुलन से जोड़कर सही ठहराया है.

श्रीकांत ने आयुष बडोनी के सिलेक्शन पर उठाए सवाल

श्रीकांत ने आयुष बडोनी के सिलेक्शन पर सवाल उठाते हुए साफ कहा कि हालिया प्रदर्शन उन्हें सीधे वनडे टीम में जगह मिलने के लिए काफी नहीं थे. उनके मुताबिक, न तो घरेलू क्रिकेट में और न ही आईपीएल में बदोनी का रिकॉर्ड इतना दमदार है कि उन्हें भारतीय क्रिकेट टीम में मौका मिल सके. उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में बडोनी के प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि, “इस तरह के प्रदर्शन के साथ उनके चयन की कोई संभावना नहीं थी और ऐसे फैसले चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हैं.”

सिलेक्टर्स पर दोहरे मापदंड का लगाया आरोप

श्रीकांत ने चयन में अलग-अलग खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग मापदंड अपनाए जाने की बात भी कही. उन्होंने कहा, “कुछ खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, फिर भी उन्हें नजरअंदाज किया जाता है, जबकि कुछ को बिना खास प्रदर्शन के टीम में शामिल कर लिया जाता है.” उनका कहना है कि इससे घरेलू क्रिकेट में मेहनत करने वाले खिलाड़ियों को गलत संदेश जाता है, जो टीम में जगह बनाने के लिए इंतजार कर रहे हैं

श्रीकांत ने बडोनी के IPL कनेक्शन की ओर इशारा किया करते हुए कहा कि, “मुझे लगता है कि वह एलएसजी के लिए खेले थे, वहां उनका कोई मेंटर था, और इसीलिए वह अब टीम में हैं. इसके अलावा, उनके चयन का कोई और कारण नहीं दिखता.”

ऑलराउंडर कहे जाने पर जताई नाराजगी

श्रीकांत ने बडोनी को ऑलराउंडर कहे जान पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि, “सिर्फ इसलिए कि उसने एक मैच में तीन विकेट लिए, आप उसे ऑलराउंडर कह रहे हैं. कभी-कभार गेंदबाजी कर लेने से कोई खिलाड़ी ऑलराउंडर नहीं बन जाता.” साथ ही उन्होंने पूछा कि अगर टीम को ऑलराउंडर की जरूरत थी, तो फिर अक्षर पटेल जैसे अनुभवी खिलाड़ी को क्यों नजरअंदाज किया गया. इसके अलावा, श्रीकांत ने ऋतुराज गायकवाड़ को टीम से बाहर रखने पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि पिछली वनडे सीरीज में शतक लगाने वाले बल्लेबाज को बाहर रखना समझ से बाहर है.

टीम मैनेजमेंट ने दी सफाई

वहीं, इस पूरे विवाद पर टीम मैनेजमेंट ने अपनी सफाई दी है और आयुष बडोनी के सिलेक्शन के फैसले का बचाव किया है. बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बताया कि वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के बाद टीम को एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प की जरूरत थी. उनके मुताबिक, आयुष बडोनी सीमित ओवरों में गेंदबाजी कर सकते हैं, जिससे टीम का बैलेंस बेहतर होता है. साथ ही उन्होंने कहा कि बडोनी का इंडिया-ए अनुभव भी उनके चयन की एक बड़ी वजह रही.

ये भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी पाकिस्तान की टीम, नोट कर लीजिए पूरा शेड्यूल