WPL 2026 DC vs UPW

WPL 2026: DC ने UP वॉरियर्स को 7 विकेट से रौंदा, दर्ज की सीजन की पहली जीत

WPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वॉरियर्स के खिलाफ मैच में कमाल का प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत हासिल कर ली है. दिल्ली की तरफ से ऑलराउंडर शेफाली वर्मा ने शानदार खेल दिखाया. उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से यूपी को धराशाई करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. दिल्ली के लिए ये इस सीजन की पहली जीत रही. इससे पहले खेले 2 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा था. दूसरी तरफ यूपी के लिए मेग लेनिंग की कप्तानी में ये सीजन निराशाजनक रहा है क्योंकि टीम को अभी तक खेले गए तीनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है.

मेग लेनिंग की कप्तानी पारी नहीं आई काम

यूपी के लिए इस सीजन मेग लेनिंग कप्तानी कर रही हैं. मेगा ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने उनको खरीदा था. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में उन्होंने कमाल का प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक जड़ा. उन्होंने 38 गेंदों का सामना करते हुए 54 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसके दम पर टीम का स्कोर 20 ओवरों में 154 रन तक पहुंचा. इसके अलावा हरलीन देओल ने भी 36 गेंदों में 47 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इस मैच में टीम का लोअर ऑर्डर पूरी तरह से धराशाई रहा और इसलिए टीम मैच में बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर पाई.

शेफाली के ऑलराउंड खेल ने मैच को बनाया आसान

शेफाली वर्मा ने दिल्ली के लिए इस मैच में कमाल का प्रदर्शन किया है. उन्होंने पहले गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 16 रन खर्च किए और 2 विकेट चटकाए. इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए जब बारी बल्लेबाजी की आई तो उन्होंने यूपी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. उन्होंने 32 गेंदों का सामना करते हुए 36 रनों की पारी खेली. इसके अलावा लिजेल ली ने इस मैच में 44 गेंदों का सामना करते हुए 67 रनों की आतिशी पारी खेली. 

ये भी पढ़िए- IND vs NZ: राजकोट में टीम इंडिया को मिली करारी हार, डेरिल मिचेल के शतक से न्यूजीलैंड ने की सीरीज में बराबरी