Mitchell Starc

मिचेल स्टार्क को एशेज सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन का मिला बड़ा इनाम, ICC ने खास अवॉर्ड से किया सम्मानित

Mitchell Starc Won ICC Player Of The Month: 7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने वाला है, जिसको लेकर सभी टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में जुटी हुई है. इसी बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने एक बड़े अवॉर्ड का ऐलान कर दिया है. आईसीसी ने ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को दिसंबर महीने के लिए ‘ICC प्लेयर ऑफ द मंथ’ के अवॉर्ड से सम्मानित किया है.

स्टार्क ने हाल ही में खत्म हुई एशेज सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ कमाल का प्रदर्शन किया था, जिसका उन्हें इनाम मिला है. इस अवॉर्ड के लिए स्टार्क के अलावा, न्यूजीलैंड के जैकब डफी और वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स को भी नॉमिनेट किया गया था, लेकिन स्टार्क बाजी मारने में कामयाब रहे.

मिचेल स्टार्क बने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ

ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को आईसीसी ने दिसंबर 2025 के प्लेयर ऑफ द मंथ के अवॉर्ड के लिए चुना है. स्टार्क ने एशेज 2025-26 सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी की थी. स्टार्क ने पर्थ में खेले गए टेस्ट मैच में 10 विकेट चटकाए थे. इसके बाद उन्होंने ब्रिस्बेन में खेले गए टेस्ट में 8 विकेट हासिल किए थे.

उन्होंने दिसंबर में कुल मिलाकर 16 विकेट लिए थे और बल्ले से 139 रन भी बनाए. इसी शानदार प्रदर्शन को देखते हुए आईसीसी ने स्टार्क को प्लेयर ऑफ द मंथ के अवॉर्ड से नवाजा है. उन्होंने वेस्टइंडीज के जस्टिन ग्रीव्स और न्यूजीलैंड के जैकब डफी को पीछे छोड़ते हुए ये अवॉर्ड अपने नाम किया है.

स्टार्क को पहली बार मिला ये अवॉर्ड

मिचेल स्टार्क दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं और कई अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं. लेकिन स्टार्क ने पहली बार आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड जीता है. इस पर खुशी जताते हुए स्टार्क ने कहा, “ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना सम्मान की बात है और यह और भी खास है क्योंकि यह घर पर इतनी सफल एशेज सीरीज जीतने के बाद मिला है.”

उन्होंने आगे कहा, “अपने घरेलू फैंस के सामने इतनी प्रतिष्ठित सीरीज जीतने में हिस्सा लेना, यह कुछ ऐसा है जिसे हम सभी लंबे समय तक याद रखेंगे. अब हमारा लक्ष्य अगले साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने पर होगा.”

ये भी पढें- 8 छक्के-5 छक्के… KKR के 2 करोड़ी खिलाड़ी ने BBL में सिर्फ 51 गेंदों पर ठोका धमाकेदार शतक