Bangladesh Premier League

खिलाड़ियों की बगावत के बाद बांग्लादेश प्रीमियर लीग हुई सस्पेंड, जानें पूरा मामला

Bangladesh Premier League Suspended: बांग्लादेश क्रिकेट में बवाल मचा हुआ है. बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) 2025-26 सीजन को अनिश्चितकाल के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. खिलाड़ियों के जबरदस्त विरोध और बहिष्कार के बाद BCB को यह फैसला लेना पड़ा है. गुरुवार, 15 जनवरी को चटगांव रॉयल्स और नोआखाली एक्सप्रेस के बीच होने वाला BPL मैच नहीं हो सका, क्योंकि दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने मैच खेलने से इनकार कर दिया था. इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह BCB के फाइनेंस कमिटी चेयरमैन नजमुल इस्लाम का विवादित बयान रहा, जिसके चलते सभी बांग्लादेशी खिलाड़ी बगावत पर उतर आए.

बांग्लादेश प्रीमियर लीग क्यों हुई सस्पेंड?

दरअसल, यह पूरा विवाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के फाइनेंस कमिटी चेयरमैन नजमुल इस्लाम के एक विवादित बयान से शुरू हुआ. नजमुल ने हाल ही में कहा था कि अगर बांग्लादेश की टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत नहीं जाती है, तो इससे बोर्ड को कोई आर्थिक नुकसान नहीं होगा. नुकसान सिर्फ खिलाड़ियों का होगा, क्योंकि उन्हें मैच फीस नहीं मिलेगी.

इतना ही नहीं, नजमुल ने यहां तक कहा दिया कि इसके लिए खिलाड़ियों को मुआवजा क्यों दिया जाए? अगर कोई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं करता, तो क्या बोर्ड उनसे ट्रेनिंग और बाकी खर्चों में लगे करोड़ों रुपये वापस मांगेगा? उनका कहना था कि बोर्ड के बिना खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ना मुश्किल है. यह बात खिलाड़ियों को बिल्कुल पसंद नहीं आई, जिसके बाद सभी क्रिकेटर्स ने मैचों का बहिष्कार का ऐलान कर दिया.

नजमुल को हटाने के बाद भी नहीं माने खिलाड़ी

नजमुल इस्लाम के इन बयानों से खिलाड़ी भड़क गए. इसके बाद क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (CWAB) ने उनके इस्तीफे की मांग कर दी. CWAB ने साफ कह दिया कि अगर नजमुल बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के मैच से पहले इस्तीफा नहीं देते, तो खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतरेंगे. इसके बाद बीसीबी ने बड़ा फैसला लेते हुए नजमुल को फाइनेंस कमिटी चेयरमैन समेत उनकी सभी जिम्मेदारियों से बर्खास्त कर दिया.

लेकिन नजमुल को हटाने के बाद भी मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ है. CWAB के अध्यक्ष मोहम्मद मिथुन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा है कि जब तक खिलाड़ियों को लिखित गारंटी नहीं दी जाती, तब तक वे मैदान पर उतरने वाले नहीं हैं. ऐसे में BCB को मजबूरन बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) 2025-26 सीजन को अनिश्चितकाल के लिए सस्पेंड करना पड़ा है.

ये भी पढ़ें- कौन हैं हेनिल पटेल? जिन्होंने U19 वर्ल्ड कप के पहले मैच ही में 5 विकेट हॉल लेकर मचाया कोहराम