IND U19 vs USA U19, Vaibhav Suryavanshi: भारतीय टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में यूएसए को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. हालांकि, इस मुकाबले में भारतीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला और वह बुरी तरह से फ्लॉप रहे. फैंस बड़ी बेसब्री से वैभव की तूफानी बल्लेबाजी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन वह सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए.
हालांकि, वैभव भले ही बल्ले से वो कमाल नहीं दिखा पाए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने एक ऐसा बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसका टूटना लगभग असंभव है.
वैभव सूर्यवंशी ने रच दिया इतिहास
इस मुकाबले में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएसए की टीम को सिर्फ 35.2 ओवर में 107 रन पर समेट दिया. वहीं, 108 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के ओपनर वैभव सूर्यवंशी जब मैदान पर उतरे तो फैंस को उनसे धमाकेदार पारी की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया. वैभव सिर्फ 4 गेंदों में 2 रन बनाकर आउट हो गए. वह तीसरे ओवर में ही एक बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में क्लीन बोल्ड हो गए.
हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. वैभव सूर्यवंशी अब आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन चुके हैं. इस मैच के दिन उनकी उम्र सिर्फ 14 साल और 294 दिन थी, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. इससे पहले यह रिकॉर्ड कनाडा के नितीश कुमार के नाम था, जिन्होंने 15 साल 245 दिन की उम्र में वर्ल्ड कप खेला था. हालांकि, अब ये रिकॉर्ड टूट चुका है और वैभव ने नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है.
भारत ने 6 विकेट से जीता मैच
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएसए की टीम ज्यादा देर टिक नहीं पाई और 35.2 ओवर में सिर्फ 107 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. इस तरह भारत को जीत के लिए 108 रनों का आसान सा टारगेट मिला. हालांकि, दूसरी पारी में बारिश ने खलल डाला और मैच काफी देर तक रुका रहा.
वहीं, जब मैच दोबारा शुरू हुआ तो ओवर घटाकर मुकाबले को 37 ओवर का कर दिया गया और डकवर्थ-लुईस नियम (DLS) के तहत भारत को जीत के लिए 96 रन का लक्ष्य मिला. भारतीय टीम ने 17.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 99 रन बनाकर मैच 6 विकेट से अपने नाम कर लिया.

