T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 को लेकर काउंटडाउन शुरु हो चुका है. 7 फरवरी से टूर्नामेंट का आगाज होने जा रहा है, जिसकी मेजबानी इस बार भारत और श्रीलंका के हाथों में होगी. टूर्नामेंट की शुरुआत होने से पहले अफगानिस्तान की टीम को 440 वोल्ट का झटका लगा है. टीम के स्टार तेज गेंदबाज नवीन उल हक पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. नवीन के कंधे में चोट लगी है जिसके चलते वो वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज भी नहीं खेल पाएंगे और टी20 विश्व कप के लिए भी टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे. उनका टूर्नामेंट से बाहर होना टीम के लिए एक बड़ा झटका है.
सर्जरी के बाद हो पाएगी क्रिकेट में वापसी
नवीन उल हक के कंधे की चोट उनके लिए बीते एक साल से परेशानी का कारण नजर आ रही है. 26 साल के हो चुका ये खिलाड़ी अब इस चोट की सर्जरी के बाज ही मैदान पर वापसी कर पाएगा. ऐसे में ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से सामने आ रही जानकारी के अनुसार नवीन इस महीने के अंत में कंधे की सर्जरी करवाएंगे. इस चोट के चलते वो साल 2025 के एशिया कप का हिस्सा नहीं बन पाए थे.
Naveen-ul-Haq has been ruled out of Afghanistan's three-match T20I series against West Indies and the upcoming #T20WorldCup ❌
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) January 15, 2026
Naveen hasn't played for his country since December 2024 and is expected to undergo surgery later this month pic.twitter.com/DhyIft9YJB
टी20 में नवीन का कैसा रहा है प्रदर्शन
नवीन उल हक अफगानिस्तान के लिए एक अनुभवी तेज गेंदबाज बन चुके हैं. गेंद को अंदर और बाहर दोनों तरफ स्विंग करने की उनकी काबिलियत उनको बेहद खास बनाती है. टीम के लिए अब तक वो अपने करियर में 48 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 67 विकेट हो चुके हैं. इस दौरान उनका औसत महज 18.73 का रहा है, जो कि बेहद ही कमाल का है.
साल 2024 में हुए टी20 विश्व कप में भी उन्होंने टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया था. उन्होंने 8 मैचों में गेंदबाजी करते हुए महज 6 की इकॉनमी से रन खर्च करते हुए 13 विकेट अपने नाम किए थे. अफगानिस्तान की टीम ने विश्व कप के इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में एंट्री की थी.

