Arshdeep Singh and R Ashwin

IND vs NZ: ‘ऐसा क्यों होता है?…’ अर्शदीप सिंह को प्लेइंग XI से बाहर रखने पर भड़के अश्विन, टीम मैनेजमेंट पर उठाए सवाल

R Ashwin on Arshdeep Singh: भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाना वैसे ही बेहद मुश्किल है, लेकिन जब कोई काबिल खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहा हो और फिर भी उसे बिना वजह के बाहर बैठा दिया जाए तो सवाल उठना लाजिमी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती दो मैचों में टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया.

अर्शदीप जैसे शानदार गेंदबाज को प्लेइंग XI से बाहर रखने पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने नाराजगी जाहिर की और सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली है. उन्होंने इस फैसले को गलत बताते हुए टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाए हैं.

अर्शदीप सिंह को प्लेइंग XI में शामिल न करने पर भड़के अश्विन

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्र अश्विन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले और दूसरे वनडे मैचों के लिए अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में शामिल न करने पर अपना गुस्सा जाहिर किया है. अश्विन ने अर्शदीप को लगातार प्लेइंग XI से बाहर बैठने के फैसले को लेकर टीम मैनेजमेंट पर तीखे सवाल उठाए हैं. अश्विन का कहना है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट को समझना चाहिए कि इससे खिलाड़ी के आत्मविश्वास और मनोबल पर गहरा असर पड़ सकता है.

26 साल के अर्शदीप टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और उन्होंने अब तक खेले गए 14 वनडे मैचों में 22 विकेट लिए हैं. इसके बावजूद, टीम मैनेजमेंट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा को मुख्य तेज गेंदबाज के रूप में चुना. इसे अश्विन ने गलत फैसला बताया है.

अर्शदीप को लेकर क्या बोले अश्विन?

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर साफ कहा कि अर्शदीप सिंह की स्थिति को नजरअंदाज किया जा रहा है और बताया कि इस तरह के फैसले तेज गेंदबाजों पर मानसिक रूप से कितना दबाव डाल सकते हैं. अश्विन ने कहा, “मुकाबला गेंदबाजों के बीच है. साउथ अफ्रीका को एक ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो गेंद को पिच पर पटक सके. प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा दोनों को मैच का अनुभव चाहिए, इसलिए मैं उनकी सोच समझ सकता हूं. लेकिन कोई अर्शदीप सिंह के बारे में नहीं सोच रहा, उनकी जगह कौन आएगा और सोचेगा? यह इस बारे में नहीं है कि उन्होंने कितना खेला है और कितना नहीं खेला है.”

उन्होंने आगे कहा, “इस समय वह क्या सोच रहा होगा? उसने इतना कुछ किया है, फिर भी वह अपनी जगह के लिए संघर्ष कर रहा है. अगली बार जब भी वह खेलेगा, उसमें लय नहीं होगी. आप कुछ भी कह लें, यह आत्मविश्वास का खेल है. गेंदबाजों के साथ ही ऐसा क्यों होता है? बल्लेबाजों के साथ ऐसा कभी नहीं होता.”

प्लेइंग XI में जगह पाने के हकदार

अश्विन ने आगे कहा कि अर्शदीप को जब भी मौका मिला है, उसने शानदार प्रदर्शन किया है और वह सम्मान के साथ प्लेइंग XI में जगह पाने के हकदार हैं. उन्होंने कहा, “मैं इस स्थिति से गुजर चुका हूं, इसलिए मुझे पता है कि कैसा लगता है. इसीलिए मैं अर्शदीप सिंह के लिए लड़ रहा हूं. जब भी आपने उसे गेंद दी है, उसने आपके लिए अच्छा प्रदर्शन किया है. उसे गर्व से प्लेइंग XI में शामिल होने दीजिए. वह इसके हकदार है.”

वहीं, अश्विन ने सीरीज के आखिरी मैच में ही अर्शदीप को खिलाने के पीछे के तर्क पर भी सवाल उठाया है. उन्होंने कहा, “अब लोग कह रहे हैं कि वह तीसरा वनडे खेलेंगे. इसका क्या मतलब है? उन्होंने पहले दो वनडे नहीं खेले और ऐसा क्यों हुआ? इससे उनके आत्मविश्वास पर क्या असर पड़ेगा?” बता दें कि, भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है. अब सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच रविवार, 18 जनवरी को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा.

ये भी पढ़ें- WPL 2026: RCB की विनिंग स्ट्रीक खत्म करने उतरेगी गुजरात, जानें कब और कहां खेला जाएगा मैच