Steve Smith Century in BBL: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ इस समय बिग बैश लीग (BBL) में धमाल मचा रहे हैं. स्मिथ का बल्ला लगातार आग उगल रहा है और उन्होंने एक बार फिर अपने बल्ले का दम दिखाया है. सिडनी सिक्सर्स के लिए स्मिथ ने सिडनी थंडर के खिलाफ मुकाबले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 41 गेंदों पर शतक ठोक दिया.
उन्होंने 42 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 5 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के जड़े. इस शानदार शतकीय पारी के साथ स्मिथ ने न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि इतिहास भी रच दिया है.
स्टीव स्मिथ ने शतक ठोक रचा इतिहास
190 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिडनी सिक्सर्स टीम के लिए ओपनिंग करने आए स्टीव स्मिथ ने बाबर आजम के साथ मिलकर दमदार शुरुआत की. स्मिथ ने थंडर के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और सिर्फ 41 गेंदों पर शतक जड़ दिया. उन्होंने पारी के 12वें ओवर में रौद्र रूप दिखाया और लगातार चार छक्के और एक चौके के साथ कुल 32 रन बटोर लिए. यह बीबीएल के इतिहास में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन है. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 238.10 का रहा.
हालांकि, वह शतक जड़ने के बाद अगले ही गेंद पर आउट हो गए. उन्होंने 42 गेंदों में 5 चौके और 9 छक्कों की मदद से 100 रनों की पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. यह टी20 क्रिकेट में उनका पांचवां और BBL में चौथा शतक रहा. इसी के साथ वह BBL के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने डेविड वॉर्नर और बेन मैकडरमॉट को पीछे छोड़ दिया है. दोनों ने अब तक 3-3 शतक लगाए हैं.
BBL इतिहास में सबसे ज्यादान शतक
स्टीव स्मिथ – 4*
डेविड वॉर्नर – 3
बेन मैकडरमॉट – 3
सिडनी सिक्सर्स ने 5 विकेट से जीता मैच
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिडनी थंडर ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 189 रनों का स्कोर खड़ा किया था. थंडर की ओर से कप्तान डेविड वॉर्नर ने शतक जड़ा और 110 रनों की शानदार पारी. वॉर्नर ने अपनी पारी में 11 चौके और 4 चौके लगाए. हालांकि, उनकी ये पारी बेकार चली गई.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिडनी सिक्सर्स की टीम ने स्टीव स्मिथ के शतक के दम पर 17.2 ओवर में ही 5 विकेट पर 191 रन बनाकर मैच 5 विकेट से अपने नाम कर लिया. सिक्सर्स की ओर से स्मिथ के अलावा, बाबर आजम ने भी 47 रनों की पारी खेली.

