Shrayanka Patil 5 wicket haul against GG in WPL 2025

श्रेयंका पाटिल ने ‘पंजा’ खोल रच दिया इतिहास, 23 साल की उम्र में ऐसा करने वाली पहली खिलाड़ी बनी

WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग का रोमांच हर दिन के साथ बढ़ता ही जा रहा है. स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी की टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए इस सीजन की लगातार तीसरी जीत हासिल कर ली है. लीग के इस सीजन में अभी तक आरसीबी इकलौती ऐसी टीम है जिसने एक भी मैच नहीं गंवाया है. इस मैच में टीम के लिए युवा भारतीय स्पिन गेंदबाज ने मैच विनिंग परफॉर्मेंस किया. उन्होंने 5 विकेट हॉल हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है. महज 23 साल की उम्र में उन्होंने ये उपलब्धि हासिल कर एक कमाल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

23 साल की उम्र में खोला पंजा

श्रेयंका पाटिल ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ मैच में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट हासिल किया. उन्होंने इस मैच में 3.5 ओवर की गेंदबाजी करते हुए महज 23 रन खर्च किए और गुजरात के 5 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई. अब तक विमेंस प्रीमियर लीग के इतिहास में 8 गेंदबाज 5 विकेट हॉल झटक चुके हैं लेकिन श्रेयंका ऐसा करने वाली सबसे युवा गेंदबाज बन गईं हैं. उन्होंने 23 साल 169 दिन की उम्र में ये कारनामा किया है. श्रेयंका भारत के लिए 16 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं, जिसमें उन्होंने 19 विकेट हासिल किए हैं. 

WPL में 5 विकेट हॉल हासिल करने वाले गेंदबाज

विकेट/रनगेंदबाजटीमबनामस्थानवर्ष
6/15एलिस पैरीRCB-WMI-Wदिल्ली2024
5/15मैरिज़न कैपDC-WGG-Wमुंबई (DYP)2023
5/22आशा शोभनाRCB-WUPW-Wबेंगलुरु2024
5/23श्रेयंका पाटिलRCB-WGG-Wमुंबई (DYP)2026
5/29तारा नॉरिसDC-WRCB-Wब्रेबोर्न2023
5/33नंदिनी शर्माDC-WGG-Wमुंबई (DYP)2026
5/36किम गार्थGG-WUPW-Wमुंबई (DYP)2023
5/38अमेलिया केरMI-WUPW-Wलखनऊ2025

आरसीबी ने दर्ज की सीजन की तीसरी जीत

आरसीबी ने इस मैच में 32 रनों से जीत हासिल की है. इसी के साथ टीम 3 मैचों में 3 जीत और 6 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज है. मंधाना की कप्तानी में पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम ने 20 ओवरों में 182 रन का स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए राधा यादव ने 66 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम का कोई भी बल्लेबाज रंग में नजर नहीं आया और पूरी टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 150 रनों पर ही सिमट गई. 

ये भी पढ़िए- माथे पर चंदन, चेहरे पर सादगी…महाकाल के दरबार में पहुंचे विराट कोहली, भस्म आरती में लिया हिस्सा