Ranji Trophy 2025-26: भारत के दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने रणजी के बाकी बचे हुए मैचों से बाहर होने का फैसला किया है. वो घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलते हैं और इस बात की जानकारी मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को भी दे दी है. मुंबई को लीग स्टेज के 2 मैच और खेलने हैं. पहला मुकाबला हैदराबाद के खिलाफ होगा तो वहीं दूसरा मैच दिल्ली के खिलाफ होगा. हैदराबाद के सामने टीम अपने घर से दूर 22 जनवरी से मैच खेलेगी तो वहीं दूसरे मैच की शुरुआत 29 जनवरी से होगी. रहाणे के किन कारणों के चलते टूर्नामेंट से बाहर होने का फैसला किया है आइए आपको भी बताते हैं.
रहाणे ने अचानक क्यों वापस लिया नाम?
अजिंक्य रहाणे ने इस सीजन के शुरू होने से पहले ही टीम की कप्तानी छोड़ी थी और उन्होंने इसके लिए कहा था कि वो चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा युवा खिलाड़ी टीम के लिए खेले. बचे हुए मैचों से बाहर होने के लिए उन्होंने पर्सनल कारणों का हवाला दिया है. एमसीए के एक सोर्स ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि, “हम दूसरे राउंड के लिए मुंबई की टीम चुनेंगे रहाणे इसके लिए टीम का हिस्सा नहीं रहेंगे और उन्होंने इस बात की जानकारी बोर्ड को दे दी है.”
आईपीएल में खेलते हुए आएंगे नजर
अजिंक्य रहाणे फिलहाल केवल घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में ही खेलते हैं. साल 2023 में वो आखिरी बार टीम इंडिया के लिए खेलते हुए नजर आए थे. इसके बाद से नेशनल टीम में उनका सिलेक्शन नहीं हो पाया है. आईपीएल में वो कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम का हिस्सा हैं और पिछले सीजन में उन्होंने कप्तानी की थी. टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था लेकिन वो इस बार भी टीम की कमान संभालते हुए दिख सकते हैं.
रणजी ट्रॉफी में नहीं चल रहा बल्ला
रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में अजिंक्य रहाणे का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है. उन्होंने अब तक खेले गए लीग मैचों में केवल एक शतक ही लगाया है. हालांकि, सैयद मुश्ताक में मुंबई के लिए खेलते हुए उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेलते हुए उन्होंने 205 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 14, 209 रन बनाए हैं. साथ ही उनके नाम 42 शतक और 59 अर्धशतक भी हैं.

