Vijay Hazare Trophy 2025-26: भारत का घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है. सेमीफाइनल का दोनों मैच पूरे हो चुके हैं और फाइनल के लिए टीमें तय हो गई हैं. इस बार सौराष्ट्र और विदर्भ की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की की है. विदर्भ की टीम लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है. पिछले सीजन में टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए फाइनल में अपनी जगह बनाई थी लेकिन कर्नाटक के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में इस बार टीम हर्ष दुबे की कप्तानी में पूरा जोर लगा देगी. फैंस इस रोमांचक मुकाबले कब, कहां और किस प्लैटफॉर्म पर लाइव देख पाएंगे, आइए जानते हैं.
A thumping knock in a thumping win! Saurashtra are through to the final over the Vijay Hazare Trophy 💪💪💪pic.twitter.com/ngnr88O62A
— Cricbuzz (@cricbuzz) January 16, 2026
कब होगा सौराष्ट्र और विदर्भ के बीच फाइनल मैच?
सौराष्ट्र और विदर्भ के बीच इस सीजन का फाइनल मुकाबला 18 जनवरी को बेंगलुरु में खेला जाएगा. फाइनल मैच की पहली गेंद 1 बजकर 30 मिनट पर फेंकी जाएगी तो वहीं इससे आधे घंटे पहले टॉस उछाला जाएगा. सौराष्ट्र ने सेमीफाइनल मैच में पंजाब को हराया था तो वहीं विदर्भ ने कर्नाटक को हरा फाइनल में जगह बनाई है.
सौराष्ट्र बनाम विदर्भ का फाइनल कहां होगा लाइव स्ट्रीम?
सौराष्ट्र बनाम विदर्भ के बीच का फाइनल मुकाबला स्टार नेटवर्क पर प्रसारित किया जाएगा. टीवी पर देखने के लिए स्टार स्पोर्ट्स चैनल का रिचार्ज होना चाहिए तो वहीं ओटीटी ऐप जियो हॉटस्टार पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी.
इन खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी नजरें
दोनों टीमों में इस मैच के लिए कुछ ऐसे खिलाड़ी होंगे जिनके ऊपर हर किसी की नजरें रहेंगी. विदर्भ के अमन मोखाड़े 9 मैचों में 781 रन बना चुके हैं और बल्ले से लगातार रनों का अंबार लगा रहे हैं. दूसरी तरफ सौराष्ट्र की तरफ से विश्वराज जडेजा ने 10 मैचों में 628 रन बनाए. उनके ऊपर भी सबकी निगाहें होंगी. गेंदबाजी में विदर्भ के यश ठाकुर के ऊपर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी. वो 9 मैचों में 16 विकेट हासिल कर चुके हैं. सौराष्ट्र की तरफ से अंकुर पंवर ने 10 मैचों में 21 विकेट हासिल किए हैं. इन 4 खिलाड़ियों पर हर किसी की नजर होंगी.

