India vs Bangladesh, U19 World Cup 2026

U19 World Cup में भी दिखा भारत-बांग्लादेश विवाद का असर, टॉस के वक्त कप्तानों ने नहीं मिलाया हाथ, देखें VIDEO

India vs Bangladesh, U19 World Cup 2026: भारत और बांग्लादेश के बीच जारी विवाद का असर आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भी देखने को मिला है. वर्ल्ड कप में आज यानी शनिवार (17 जनवरी) को भारत और बांग्लादेश की अंडर-19 टीमें आमने-सामने हैं, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही मैदान पर कुछ ऐसा देखने को मिला, जिसने सबका ध्यान खींच लिया. टॉस के दौरान भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने बड़ा कदम उठाते हुए बांग्लादेश के कप्तान से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया.

आयुष म्हात्रे ने बांग्लादेश के कप्तान से नहीं मिलाया हाथ

दरअसल, बांग्लादेश के नियमित कप्तान मोहम्मद अजीजुल हकीम तमीम की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए टॉस के लिए उप-कप्तान जवाद अबरार आए थे. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने के बाद अबरार अब भारतीय कप्तान के पास से गुजरे, तो दोनों के बीच न कोई बातचीत हुई और न ही कोई आई कॉन्टैक्ट देखने को मिला. इतना ही नहीं, कुछ देर बाद दोनों टीमें नेशनल एंथम के लिए बाउंड्री पर खड़ी दिखीं, लेकिन मैदान में आने के बाद भी खिलाड़ियों ने आपस में बात करने या हाथ मिलाने से दूरी बनाए रखी.

इससे पहले भी भारत की सीनियर टीम ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसा ही रवैया अपनाया था, जिसपर खूब बवाल मचा था. अब सोशल मीडिया पर भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान के फैसले की चर्चा हो रही है. बता दें कि, यह भारत का टूर्नामेंट में दूसरा मैच था. टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में अमेरिका को 6 विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की थी. वहीं, बांग्लादेश टीम का यह इस वर्ल्ड कप का पहला मैच है.

BCCI और BCB के बीच टकराव

पिछले कुछ समय से भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्ते ठीक नहीं है और इसका असर क्रिकेट पर भी साफ दिखाई दे रहा है. दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड्स BCCI और BCB के बीच भी टकराव देखने को मिल रहा है. बीसीसीआई के निर्देश पर बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को KKR से रिलीज किया गया था, जिसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच खेलने से मना कर दिया है. BCB ने साफ कहा है कि उनकी टीम भारत नहीं आएगी और ICC से अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की है. हालांकि, ICC ने उसके इस मांग को ठुकरा दिया है.

IND U19 vs BAN U19: दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, हेनिल पटेल, दीपेश देवेन्द्रन, खिलान पटेल.

बांग्लादेश: एमडी रिफत बेग, जवाद अबरार, मोहम्मद अजीज़ुल हकीम तमीम (कप्तान), कलाम सिद्दीकी अलीन, मोहम्मद रिजान होसन, मोहम्मद फरीद हसन फैसल (विकेटकीपर), मोहम्मद समियुन बसीर रतुल, शेख पावेज जिबोन, अल फहद, साद इस्लाम रजिन, इकबाल हुसैन इमोन.

ये भी पढ़ें- U19 World Cup 2026: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड, 4 रन बनाते ही बने एलीट लिस्ट का हिस्सा