Jay Shah and Sanjog Gupta

कौन हैं ICC के अधिकारी संजोग गुप्ता? जिन्हें बांग्लादेश ने वीजा न देकर अपने ही पैर पर मार ली कुल्हाड़ी!

India vs Bangladesh, Who Is Sanjog Gupta: भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट बोर्ड्स के बीच जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर करने के BCCI के फैसले के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया है. इन सबके बीच ICC के एक अधिकारी संजोग गुप्ता का नाम खूब चर्चा हैं.

संजोग गुप्ता अपने सहयोगी एंड्रयू एफग्रेव के साथ बांग्लादेश जाने वाले थे, जहां उन्हें बीसीबी के अधिकारियों से टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बातचीत करनी थी. लेकिन बांग्लादेश ने उन्हें वीजा देने से मना कर दिया, जिसके चलते यह दौरा हो ही नहीं पाया. अब सवाल यह है कि आखिर ये संजोग गुप्ता हैं कौन और बांग्लादेश ने ऐसा करके खुद को किस मुश्किल में डाल लिया है.

कौन हैं संजोग गुप्ता?

संजोग गुप्ता इस समय इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर यानी CEO हैं. उन्होंने 7 जुलाई 2025 को यह पद संभाला था और ICC इतिहास के 7वें सीईओ बने. उन्होंने इस पद पर जेफ एलार्डिस की जगह ली. फिलहाल वह ICC चीफ जय शाह की लीडरशिप में काम कर रहे हैं और शाह के बाद काउंसिल में सबसे ताकतवर अधिकारी माने जाते हैं.

ICC के सीईओ के तौर पर संजोग गुप्ता पूरे प्रोफेशनल एडमिनिस्ट्रेशन को देखते हैं. वर्ल्ड क्रिकेट के बड़े इवेंट्स, ब्रॉडकास्टिंग राइट्स, ओलंपिक में क्रिकेट की एंट्री और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे बड़े फैसलों में उनकी अहम भूमिका होती है.

पत्रकारिता से की थी करियर की शुरुआत

ICC के सीईओ बनने से पहले संजोग गुप्ता स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टिंग की दुनिया का बड़ा नाम रह चुके हैं. वह JioStar Sports के CEO और Disney Star में हेड ऑफ स्पोर्ट्स भी रह चुके हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी. उन्होंने दिल्ली के मशहूर अखबार द ट्रिब्यून में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट के तौर पर काम किया. उन्होंने 2002 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में बीए (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की थी.

साल 2010 में उन्होंने स्टार इंडिया जॉइन किया, जहां वह असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट बने. कंटेंट, प्रोग्रामिंग और स्ट्रैटेजी जैसे अहम रोल निभाने के बाद 2020 में वह डिज़्नी और स्टार इंडिया में स्पोर्ट्स के सीईओ बने. इस दौरान उन्होंने बड़े-बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट्स और इंटरनेशनल स्पोर्ट्स इवेंट्स की जिम्मेदारी संभाली. अब वह ICC में वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट्स की कमाई और वैल्यू को और बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं.

बांग्लादेश ने अपने ही पैर पर मार ली कुल्हाड़ी!

अब बांग्लादेश ने ICC के सीईओ संजोग गुप्ता को वीजा न देकर अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है. इससे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और ICC के साथ रिश्तों में खटास आ सकती है. माना जा रहा है कि आने वाले समय में इसका असर बांग्लादेश क्रिकेट टीम पर भी पड़ सकता है. यहां तक कि भविष्य में बांग्लादेश में होने वाले इंटरनेशनल मैचों की परमिशन को लेकर भी दिक्कतें आ सकती हैं. यानी इस एक फैसले से बांग्लादेश ने खुद ही मुसीबत मोल ली है.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: तीसरे वनडे में शुभमन गिल के पास इतिहास रचने का मौका, 70 रन बनाते ही हासिल करेंगे ये मुकाम