Italy Announced Squad For T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने वाला है. इस बड़े टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें खिताब के लिए मैदान पर उतरेंगी, जिसके लिए टीमों के ऐलान का सिलसिला जारी है. इसी बीच इटली ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. इटली की टीम पहली बार ICC टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगी. ऐसे में यह टूर्नामेंट इटली के लिए बेहद खास मौका है.
इटली ने किया T20 वर्ल्ड कप टीम का ऐलान
इटली क्रिकेट बोर्ड ने 17 जनवरी को T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया. इटली ने वर्ल्ड कप टीम की कप्तानी 42 साल के वेन मैडसन को सौंपी है. मैडसन लंबे समय से इटली क्रिकेट से जुड़े हैं और उनका अनुभव टीम के लिए बहुत अहम होगा. इससे पहले इटली और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जो बर्न्स के बीच रिश्ते बिगड़ गए थे, जिसके बाद कप्तानी में बदलाव किया गया है.
टीम में सबसे चर्चित नाम ऑलराउंडर जे जे स्मट्स का है, जो साउथ अफ्रीका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके हैं और अब वह इटली की ओर से T20 वर्ल्ड कप में खेलेंगे. उन्होंने अब तक 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. ऐसे में वह इटली टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देने के साथ-साथ विपक्षी टीमों के लिए बड़ा खतरा भी हो सकते हैं. इसके अलावा, टीम में जसप्रीत सिंह भी शामिल हैं.
बांग्लादेश से होगा पहला मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इटली को बांग्लादेश, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और नेपाल के साथ ग्रुप-सी में रखा गया है. इटली T20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान शुरुआत 9 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में करेगी. जबकि उनका दूसरा मैच 12 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ होगा. हालांकि, इटली के लिए बांग्लादेश के खिलाफ पहला मैच आसान नहीं होगा, लेकिन अनुभवी खिलाड़ियों और नए जोश के साथ टीम की नजरें इतिहास रचने पर होंगी.
बता दें कि, इटली की टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप यूरोप क्वालीफायर 2025 में ऐतिहासिक प्रदर्शन के दम पर टूर्नामेंट में जगह बनाई है. इटली ने स्कॉटलैंड और ग्वेर्नसे के खिलाफ जीत के बाद दूसरा स्थान हासिल किया और नीदरलैंड के साथ क्वालीफाई किया.
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इटली की टीम
वेन मैडसेन (कप्तान), मार्कस कैंपोपियानो (विकेटकीपर), जियान पिएरो मीडे, जैन अली, अली हसन, क्रिस्चन जॉर्ज, हैरी मैनेंटी, एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, सैयद नकवी, बेंजामिन मैनेंटी, जसप्रीत सिंह, जे जे स्मट्स, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका.

