RCB

RCB फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी, चिन्नास्वामी स्टेडियम को मिली IPL और इंटरनेशनल मैचों की मेजबानी की मंजूरी

Bengaluru’s Chinnaswamy Stadium, RCB: आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. कर्नाटक सरकार ने RCB के होम ग्राउंड बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट और IPL मैचों की मेजबानी के लिए मंजूरी दे दी है. कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को मैचों के आयोजन के लिए राज्य सरकार के गृह विभाग से आधिकारिक तौर पर हरी झंडी मिल गई है. KSCA ने एक प्रेस रिलीज जारी कर इस बात की जानकारी दी है.

बता दें कि, आईपीएल 2025 का खिताब जीतने के बाद आरसीबी की टीम जश्न मनाने चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंची थी, लेकिन स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई और 11 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे के बाद सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच आयोजन करने पर प्रतिबंध लगा दिया था. हालांकि, अब स्टेडियम को दोबारा से क्रिकेट मैच कराने की अनुमति दी गई है.

KSCA ने सुरक्षा के मद्देनजर उठाए कई बड़े कदम

KSCA के अध्यक्ष बी. के. वेंकटेश प्रसाद काफी समय से IPL को दोबारा कर्नाटक में लाने की कोशिश में जुटे हुए थे. इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार और दूसरे अधिकारियों के साथ कई अहम बैठकें कीं, ताकि सुरक्षा और प्रशासन से जुड़ी सभी चिंताओं को दूर किया जा सके. हाल ही में RCB ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में AI बेस्ड कैमरे लगाने का ऐलान किया था. इन कैमरों से भीड़ और दर्शकों की आवाजाही पर बेहतर नजर रखी जा सकेगी. माना जा रहा है कि इस बड़े कदम की वजह से ही स्टेडियम को दोबारा से मैच आजोजित करने की मंजूरी मिली है. हालांकि, यह मंजूरी कुछ नियम और शर्तों के साथ दी गई है, जिसे KSCA पूरी तरह से लागू करने के लिए तैयार है.

KSCA ने जारी किया बयान

KSCA ने एक बयान जारी कर बताया कि, “हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कर्नाटक सरकार के गृह विभाग ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ को बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मैचों और IPL मुकाबलों की मेजबानी की अनुमति दे दी है. KSCA ने भरोसा दिलाया है कि वह सरकार की ओर से तय की गई सभी शर्तों का पूरी तरह पालन करेगा. एसोसिएशन पहले ही विशेषज्ञ समीक्षा समिति को एक विस्तृत अनुपालन योजना सौंप चुका है, जिसमें सुरक्षा, संरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़े सभी जरूरी इंतजाम शामिल हैं. हम इन सभी उपायों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ लागू करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.”

भगदड़ की वजह से लगी थी रोक

गौरतलब है कि 4 जून को मची भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी. इसी वजह से महिला वर्ल्ड कप के मैच दूसरे मैदानों पर शिफ्ट करने पड़े थे. वहीं, IPL 2026 के लिए RCB को अपने घरेलू मैचों के लिए नवी मुंबई और रायपुर जैसे विकल्पों पर भी विचार करना पड़ा था. हालांकि, अब IPL के आगामी सीजन में शायद आरसीबी की टीम अपने होम ग्राउंड में खेलती हुई नजर आ सकती है.

ये भी पढ़ें- WPL 2026: मेग लैनिंग-फीबी लिचफील्ड के बल्ले से मचाई तबाही, UP वॉरियर्स ने लगातार दूसरी बार मंबई इंडियंस को चटाई धूल