India vs New Zealand

IND vs NZ: निर्णायक मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में हुआ बड़ा बदलाव, इस स्टार गेंदबाज की हुई वापसी

India vs New Zealand 3rd ODI Playing XI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. इस निर्णायक मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग XI में एक बड़ा बदलाव हुआ है. पहले और दूसरे वनडे मैच से बाहर रहे स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह की इस मैच के लिए प्लेइंग XI में वापसी हुई है. जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर कर दिया गया है.

तीसरे वनडे में अर्शदीप सिंह को मिला मौका

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 7 विकेट से हार के बाद तीसरे वनडे के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्रसिद्ध कृष्णा की जगह प्लेइंग XI में शामिल किया गया है. अर्शदीप को शुरुआती दो वनडे मैचों में मौका नहीं मिला था और दूसरे मैच में हार के बाद खराब गेंदबाजी को लेकर टीम की काफी आलोचना भी हुई. ऐसे में अब तीसरे वनडे में अर्शदीप सिंह की प्लेइंग XI में वापसी हुई है.

अर्शदीप सिंह ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. अर्शदीप ने वनडे में अब तक खेले 14 मैचों में 5.29 के इकॉनमी रेट से 22 विकेट चटकाए हैं. वह टी20I में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.

टॉस जीतने के बाद क्या बोले कप्तान शुभमन गिल?

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बॉलिंग चुनने के फैसले पर गिल ने कहा कि न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हम पर दबाव बना दिया है. उन्होंने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी लग रही है और ओस भी ज्यादा रहने की उम्मीद नहीं है. ऐसे में लक्ष्य का पीछा करना हमेशा अच्छा रहता है, इसी वजह से पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. हालांकि, गिल ने माना कि बीच के ओवरों में गेंदबाजों को अपनी लेंथ में बदलाव करना होगा और टीम इसी पर काम कर रही है.

गौरतलब है कि सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है. भारत ने पहला वनडे 4 विकेट से जीता था, जबकि दूसरे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 7 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में वापसी की. अब दोनों टीमों की नजर इंदौर में होने वाले निर्णायक मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने पर है. बता दें कि, न्यूजीलैंड की टीम आज तक भारत की सरजमीं पर कोई भी वनडे सीरीज नहीं जीत पाई है.

IND vs NZ 3rd ODI: दोनों टीमों की प्लेइंग XI

भारत: रोहित शर्मा, शुबमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज.

न्यूजीलैंड: डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, विल यंग, ​​डैरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रैसवेल (कप्तान), ज़ाकरी फाउल्क्स, काइल जैमीसन, क्रिस्टियन क्लार्क, जेडन लेनोक्स.

ये भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान, 3 नए खिलाड़ियों को मिला मौका, 7 साल बाद लौटी ये धाकड़ बल्लेबाज