WPL 2026, Smriti Mandhana Record: महिला प्रीमियर लीग 2026 का 11वां मुकाबला शनिवार (17 जनवरी) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें RCB ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की. आरसीबी की इस जीत की हीरो कप्तान स्मृति मंधाना रहीं, जिन्होंने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिलाई.
मंधाना ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 61 गेंदों पर 96 रनों की पारी खेली, लेकिन वह शतक लगाने से चूक गईं. इसके बावजूद, उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली. इस मामले में उन्होंने MI की कप्तान हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड तोड़ दिया और WPL के इतिहास में ऐसा करने वाली नंबर-1 भारतीय बल्लेबाज बन गईं.
स्मृति मंधाना ने रचा नया कीर्तिमान
नवी मुंबई में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी RCB की टीम ने स्मृति मंधाना की तूफानी पारी की बदौलत सिर्फ 18.2 ओवर में 2 विकेट पर 169 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की. मंधाना ने 61 गेंदों पर 13 चौके और 3 छक्कों की मदद से 96 रन बनाए. मंधाना इस मैच में शतक से सिर्फ 4 रन से चूक गईं, लेकिन वह इतिहास रचने में कामयाब रहीं.
मंधाना अब WPL के इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज बन गईं हैं. इस मामले में उन्होंने मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. हरमनप्रीत ने 2024 में गुजरात जायंट्स के खिलाफ नाबाद 95 रन बनाए थे. हालांकि, अब मंधाना ने 96 रन बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
WPL में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाली भारतीय बल्लेबाज
- 96 – स्मृति मंधाना (2026)*
- 95* – हरमनप्रीत कौर (2024)
- 88* – दीप्ति शर्मा (2024)
- 84 – शेफाली वर्मा (2023)
- 81 – स्मृति मंधाना (2025)
इतिहास रचने से चूकीं मंधाना
गौरतलब है कि WPL के इतिहास में अब तक कोई भी बल्लेबाज शतक नहीं लगा पाई है. इस मैच में मंधाना के पास इतिहास रचने का गोल्डन चांस था, लेकिन वह सिर्फ 4 रन से सेंचुरी चूक गईं. हालांकि, अब वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे बड़े स्कोर के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गई हैं. बता दें कि, WPL में अब तक सिर्फ दो बल्लेबाज 99 तक पहुंचीं, लेकिन शतक पूरा नहीं कर सकीं.
🚨 HEARTBREAK MOMENT FOR SMRITI MANDHANA 🚨
— Richard Kettleborough (@RichKettle07) January 17, 2026
– Smriti Mandhana was on a verge of creating history but got out on 96 runs, when RCB needed 11 to win 💔
– Everyone in RCB dugout were standing to celebrate the first WPL 💯, but Smriti goes for 96 😨pic.twitter.com/HQWEhVNp7i
WPL में अब तक के सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर
- 99* – जॉर्जिया वोल (2025)
- 99 – सोफी डिवाइन (2023)
- 96* – एलिसा हीली (2023)
- 96* – बेथ मूनी (2025)
- 96 – स्मृति मंधाना (2026)
लगातार चौथी जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर RCB
स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर WPL 2026 में लगातार चौथी जीत दर्ज की. RCB ने इस सीजन अब तक अपने चारों मैच जीत लिए हैं और टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बनी हुई है. अगर RCB अगला मुकाबला भी जीत जाती है, तो वह WPL 2026 की प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन सकती है.

