T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज होने वाला है. इस बड़े टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. पाकिस्तानी टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगी, लेकिन कई पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी और अधिकारी अलग-अलग टीमों का हिस्सा हैं. ऐसे में उनके लिए भारत का वीजा मिलने में कुछ समय लगने की खबरें सामने आ रही थीं.
हालांकि, अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वीजा से संबंधित समस्याओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है और वर्ल्ड कप के लिए 42 पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी और अधिकारी को भारतीय वीजा मिलने की खबर सामने आई है.
पाकिस्तानी मूल के 42 खिलाड़ियों को मिला भारतीय वीजा
आईसीसी ने भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने वाले पाकिस्तानी मूल के 42 खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए वीजा संबंधी दिक्कतों को कम करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. इंग्लैंड की टीम में आदिल राशिद, रेहान अहमद और तेज गेंदबाज साकिब महमूद जैसे पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी शामिल हैं.
वहीं, यूएसए ने पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी अली खान और शायन जहांगीर को चुना है, जबकि नीदरलैंड्स ने जुल्फिकार साकिब को चुना है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इंग्लैंड और नीदरलैंड्स के खिलाड़ियों को भारतीय वीजा मिल गया है. इसके अलावा, कनाडा की टीम के एक सदस्य शाह सलीम जफर को भी वीजा मिल चुका है.
ICC ने ऐसे सुलझाया मसला
पीटीआई के मुताबिक, टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए वीजा जारी करने की अंतिम तारीख 31 जनवरी तय की गई है. इसके लिए आईसीसी विभिन्न देशों में स्थित भारतीय उच्चायोगों से लगातार संपर्क में है, ताकि सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों के वीजा आवेदन बिना किसी परेशानी के निपट जाएं.
वीजा मिलने में देरी का कारण यह बताया गया है कि इन सभी आवेदन की गहन जांच की जा रही है, इसलिए सामान्य समय से ज्यादा समय लग रहा था. आईसीसी की तरफ से नया अपडेट आने के बाद अब सभी को बड़ी राहत मिल गई है. टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी और आईसीसी को पूरा भरोसा है कि तब तक विजा को लेकर सभी तरह की प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी.

