IND vs NZ, Daryl Mitchell Records: इंदौर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा है. इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने जीत के लिए 338 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है. शुरुआत में कीवी टीम मुश्किल में लग रही थी, लेकिन इसके बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा और टीम की वापसी कराई.
दोनों ने मिलकर रिकॉर्ड 219 रनों की साझेदारी की और न्यूजीलैंड का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया. मिचेल का यह इस सीरीज में लगातार दूसरा शतक रहा. फिलिप्स ने 106 रन बनाए, जबकि मिचेल ने 137 रनों की पारी खेली. इस धमाकेदार पारी के साथ ही मिचेल ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
डेरिल मिचेल ने रच दिया इतिहास
भारत के खिलाफ इस तीन मैचों की वनडे सीरीज में डेरिल मिचेल ने ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसे न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा. मिचेल ने इस सीरीज में कुल 352 रन बनाए, जो तीन मैचों की किसी भी द्विपक्षीय वनडे सीरीज में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज द्वारा सबसे बड़ा स्कोर है. उन्होंने पहले वनडे में 84 रन और दूसरे वनडे में नाबाद 131 रन बनाए थे. वहीं, अब तीसरे वनडे में उन्होंने 131 गेंदों पर 137 रनों की लाजवाब पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.
इतना ही नहीं, मिचेल का यह भारत के खिलाफ वनडे में चौथा शतक है. इसके साथ ही वह भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड बल्लेबाजों की लिस्ट में नाथन एस्टल (5 शतक) के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं, मिचेल भारत के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा औसत रखने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं.
तीन मैचों की वनडे सीरीज में सर्वोच्च रन
360 – बाबर आजम बनाम वेस्टइंडीज, 2016
360 – शुभमन गिल बनाम न्यूजीलैंड, 2023
352 – डैरिल मिचेल बनाम भारत, 2026*
349 – इमरुल कायस बनाम जिम्बाब्वे, 2018
346 – पथुम निशांका बनाम अफगानिस्तान, 2024
भारत के खिलाफ वनडे में उच्चतम औसत (कम से कम 500 रन)
- 74.1 – डैरिल मिचेल
- 71.0 – जॉर्ज बेली
- 62.6 – गैरी कर्स्टन
- 61.4 – जैक्स कैलिस
- 59.9 – उस्मान ख्वाजा
ग्लेन फिलिप्स के साथ की रिकॉर्ड साझेदारी
तीसरे वनडे में ग्लेन फिलिप्स ने भी बल्ले का दम दिखाया और 83 गेंदों में अपना शतक पूरा करते हुए 106 रन बनाए. वहीं, मिचेल 137 रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट हुए. इस मैच में मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने चौथे विकेट के लिए 188 गेंदों में 219 रन की शानदार साझेदारी की. यह भारत के खिलाफ वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड की दूसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप है. इससे पहले सबसे बड़ी साझेदारी 2022 में ऑकलैंड में टॉम लैथम और केन विलियमसन ने 221* रन की बनाई थी. वहीं, ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी ODI पारी में न्यूजीलैंड के दो बल्लेबाजों ने भारत के खिलाफ शतक जड़ा है.
भारत के खिलाफ वनडे में न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी साझेदारियां
- 221* – टी लैथम, के विलियमसन, ऑकलैंड, 2022
- 219 – डी मिशेल, जी फिलिप्स, इंदौर, 2026*
- 200 – टी लैथम, रॉस टेलर, वानखेड़े, 2017
- 190 – एस स्टायरिस, रॉस टेलर, दंबुल्ला, 2010

