Virat Kohli

IND vs NZ: इंदौर में विराट कोहली ने शतक ठोक रचा इतिहास, तोड़ डाला सहवाग-रिकी पोंटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड

IND vs NZ 3rd ODI, Virat Kohli Century Record: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में शतक ठोक दिया है. इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में कोहली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 91 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. यह उनके वनडे करियर का 54वां शतक और न्यूजीलैंड के खिलाफ 7वां शतक रहा. इस शतक के साथ ही कोहली ने इतिहास रच दिया है. इस मामले में उन्होंने वीरेंद्र सहवाग और रिकी पोटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है.

विराट कोहली ने रचा इतिहास

338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 71 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे. ऐसे में विराट कोहली ने पारी को संभाला और शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया. कोहली ने 91 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया. यह न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली का 7वां शतक है और इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

किंग कोहली अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने वीरेंद्र सहवाग और रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया है. इन दोनों दिग्गजों ने अपने करियर में कीवी टीम के खिलाफ 6-6 शतक लगाए थे. लेकिन अब कोहली ने 7वां शतक लगाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है.

वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज

  • 7 – विराट कोहली (36 पारियां)*
  • 6 – रिकी पोंटिंग (50 पारियां)
  • 6 – वीरेंद्र सहवाग (23 पारियां)
  • 5 – सचिन तेंदुलकर (41 पारियां)
  • 5 – सनथ जयसूर्या (45 पारियां)

इतना ही नहीं, विराट अब न्यूजीलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में भी सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. कोहली के नाम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 शतक हो गए हैं. इस मामले में उन्होंने जो रूट, जैक कैलिस और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

इंटरनेशनल क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक

  • 10 – विराट कोहली (73)*
  • 9 – जो रूट (71)
  • 9 – जैक कैलिस (76)
  • 9 – सचिन तेंदुलकर (80)

कोहली ने ठोका 85वां इंटरनेशनल शतक

विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में सिर्फ 91 गेंदों में शतक जड़कर अपने करियर का 54वां ODI शतक और इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 85वां शतक पूरा किया. यह भारतीय सरजमीं पर कोहली का 41वां शतक है. इस शतक के साथ कोहली अब सचिन तेंदुलकर के 100 इंटरनेशनल शतकों के रिकॉर्ड के और भी करीब पहुंच गए हैं. दोनों के बीच अब सिर्फ 15 शतकों का अंतर रह गया है. कोहली जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं और अगर वह इसी रफ्तार से शतक लगाते रहे, तो जल्द ही वह सचिन का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज

सचिन तेंदुलकर – 100
विराट कोहली – 85
रिकी पोंटिंग – 71
कुमार संगकारा – 63
जैक कैलिस – 62
जो रूट – 60

ये भी पढ़ें- WPL 2026 Points Table: RCB की बादशाहत बरकरार, दिल्ली की टीम सबसे फिसड्डी, देखें पॉइंट्स टेबल का ताजा हाल