Vidarbha won Vijay Hazare Trophy 2025-26 Final

VHT 2025-26 Final: विदर्भ बनी चैंपियन, सौराष्ट्र को हराकर पहली बार जीता विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब

Vijay Hazare Trophy 2025-26 Final: विदर्भ क्रिकेट टीम ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सौराष्ट्र को 38 रन से हरा दिया. इसी के साथ विदर्भ ने पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया. बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए विदर्भ की टीम ने 8 विकेट पर 317 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में सौराष्ट्र की टीम 279 रन पर ही ढेर हो गई. विदर्भ की इस जीत के हीरो अथर्व तायडे रहे, जिन्होंने 128 रनों की शानदार शतकिय पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.

अथर्व तायडे ने खेली शानदार शतकिय पारी

इस मुकाबले में सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी विदर्भ की टीम को ओपनर्स अथर्व तायडे और अमन मोखाडे ने शानादर शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की. सेमीफाइनल में शतक जड़ने वाले मोखाडे इस मैच में 33 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद तायडे और यश राठौड़ ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 133 रन की मैच शानदार साझेदारी की.

तायडे ने शतक जड़ा और 118 गेंदों में 15 चौके और 3 छक्कों के साथ 128 रनों की पारी खेली, जबकि राठौड़ ने 61 गेंदों पर 54 रन बनाए. वहीं, रविकुमार समर्थ ने 25 रन, फैज मोहम्मद शेख ने 19 रन और कप्तान हर्ष दुबे ने 17 रन जोड़े. इसके अलावा, कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और विदर्भ की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 317 रन बनाए. वहीं, सौराष्ट्र की ओर से अंकुर पंवार ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि चेतन सकारिया और चिराग जानी ने 2-2 विकेट लिए.

279 रन पर सिमटी सौराष्ट्र की टीम

318 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 30 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए. कप्तान हरविक देसाई 20 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि विश्वराज जडेजा सिर्फ 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. हालांकि, नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे प्रेरक मांकड़ ने पारी को संभालने की कोशिश की और सौराष्ट्र के लिए 92 गेंदों पर 88 रन बनाए.

उनके अलावा, चिराग जानी ने 64 रन की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके. सौराष्ट्र की टीम 48.5 ओवर में 279 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और विदर्भ ने 39 रनों से मैच जीतकर विजय हजारे ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया. विदर्भ की ओर से यश ठाकुर ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए. जबकि नचिकेट भूटे ने 3 विकेट, दर्शन नलकंडे ने 2 विकेट और हर्ष दुबे ने एक विकेट झटके.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: विराट कोहली का शतक गया बेकार, न्यूजीलैंड ने सीरीज जीतकर रच दिया इतिहास