Virat Kohli now has most runs in ODI history betting at number 3

IND vs NZ: इस मामले में नंबर 1 बने विराट कोहली, रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ रच दिया इतिहास

IND vs NZ: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली बल्ले से कमाल के रंग में नजर आ रहे हैं. सीरीज दर सीरीज उनका बल्ला आग उगल रहा है और उनकी पुरानी फॉर्म लौटती हुई दिख रही है. न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में खेले गए सीरीज डिसाइडर मुकाबले में उन्होंने कमाल की शतकीय पारी खेली लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला पाए. इस मैच में उन्होंने 108 गेंदों का सामना करते हुए 124 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इस पारी के दम पर उन्होंने वनडे इंटरनेशनल में एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है. वो अब हर किसी को पीछे छोड़ते हुए नंबर 3 के अव्वल बल्लेबाज बन गए हैं. 

रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ विराट बने नंबर 1

विराट कोहली के नाम अब वनडे इंटरनेशनल में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन हो गए हैं. उन्होंने इस मामले में रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया है. नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए वनडे इंटरनेशनल में विराट कोहली ने 244 पारियां खेली हैं, जिसमें उन्होंने 12, 676 रन बनाए हैं. इस दौरान विराट का औसत 61.53 का रहा है, जो कि उनके करियर औसत से बेहतर है. दूसरी तरफ रिकी पोंटिंग ने 330 पारियों में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 12,662 रन बनाए हैं. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा का नाम है. 

सीरीज में विराट ने जमकर बनाए रन

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली टीम इंडिया के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं. उन्होंने उन्होंने 3 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 80 की घातक औसत से 240 रन बनाए हैं. इस सीरीज में उनके बल्ले से एक शतक तो वहीं एक अर्धशतक निकला है. हालांकि, उनके इस दमदार प्रदर्शन के बाद भी टीम इंडिया को सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा. इससे पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में भी वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. उन्होंने 3 मैचों में 302 रन बनाए थे.

ये भी पढ़िए- T20 World Cup से पहले साउथ अफ्रीका की टीम को लगा बड़ा झटका, धाकड़ ऑलराउंडर हुआ चोटिल