Tilak Varma is recovering at full pace reach BCCI CoE to regain full fitness

T20 World Cup 2026 से पहले टीम इंडिया के लिए गुड न्यूज, तेजी से फिट हो रहा ये स्टार बल्लेबाज

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 से पहले टीम इंडिया के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है. टी20 इंटरनेशनल में टीम के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने वाले तिलक वर्मा इंजरी के चलते फिलहाल क्रिकेट से दूर हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया के हवाले से सामने आ रही जानकारी के अनुसार तिलक टी20 विश्व कप से पहले तेजी से रिकवर हो रहे हैं. मंगलवार को तिलक बीसीसीआई के सीओई में अपनी फिटनेस को वापस पाने के लिए पहुंच रहे हैं. भारत के घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में हैदराबाद के लिए खेलते हुए वो चोटिल हो गए थे.

मैदान पर कब होगी तिलक की वापसी?

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार सर्जरी के बाद अब तिलक वर्मा को कोई दर्द नहीं है. एक सूत्र ने टाइम्स को बताया कि, “अगर सब कुछ सही जाता है तो 28 जनवरी को होने वाले चौथे टी20 मैच में, जो कि विशाखापट्टनम में होगा तिलक वापसी कर सकते हैं. उन्होंने फिजिकल ट्रेनिंग शुरू कर दी है और एक से 2 दिनों में में वो बल्लेबाजी करना भी शुरू कर देंगे.” तिलक को ग्रोइन इंजरी हुई थी, जिसके चलते वो फिलहाल न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली सीरीज के शुरुआती 3 मैचों से बाहर हैं. 

टी20 इंटरनेशनल में तिलक का प्रदर्शन 

तिलक वर्मा टीम इंडिया के लिए हर सीरीज और टूर्नामेंट के बाद एक भरोसेमंद नंबर 3 के बल्लेबाज बनते जा रहे हैं. हाल ही में उन्होंने एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ शानदार पारी खेल जीत दिलाई थी. उन्होंने टीम के लिए खेले 40 टी20 मैचों में से 37 में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है. इन पारियों में उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 49.29 की औसत से 1183 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 144 से ज्यादा का रहा है, साथ ही वो 2 शतक और 6 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं. 

न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के पहले 3 मैचों में उनकी जगह स्क्वॉड में श्रेयस अय्यर को शामिल किया गया है, जिन्होंने आईपीएल 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर पंजाब किंग्स की टीम को फाइनल तक का सफर तय करवाया था.

ये भी पढ़िए- IND vs NZ: टी20 सीरीज शुरू होने से पहले बढ़ गई न्यूजीलैंड की टेंशन, स्टार ऑलराउंडर हो गया चोटिल