Ishan Kishan

IND vs NZ 1st T20I: मैच से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव का बड़ा ऐलान, नंबर-3 पर बल्लेबाजी करेंगे ईशान किशन

India vs New Zealand 1st T20I: वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड की टीमें 5 मैचों की टी20I सीरीज में भिड़ने के लिए तैयार हैं. सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार, 21 जनवरी को नागपुर के मैदान पर खेला जाएगा. इस मुकाबले से कुछ घंटे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बड़ा ऐलान कर दिया है. दो साल बाद टीम इंडिया में लौटे स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को पहले मैच की प्लेइंग XI में शामिल किया जाएगा. ईशान नागपुर में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे.

2 साल बाद ईशान किशन की वापसी तय

नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होने वाले न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में ईशान किशन का खेलता तय हो गया है. ईशान नवंबर 2023 के बाद पहली बार टीम इंडिया की जर्सी में खेलते हुए नजर आएंगे. मैच से एक दिन पहले टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मंगलवार को नागपुर में हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, “ईशान कल नंबर-3 पर खेलेगा.”

सूर्या ने साफ कहा कि “ईशान टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं, इसलिए उन्हें खेलने का मौका मिलना चाहिए. उन्होंने काफी समय से भारत के लिए खेला भी नहीं है. वह पहले खेलने का हकदार है. बदकिस्मती से, तिलक उस स्थिति में नहीं है, इसलिए हमें लगता है कि नंबर-3 पर ईशान हमारा सबसे अच्छा विकल्प है.” बता दें कि, तिलक वर्मा इंजरी के कारण टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया गया है.

नंबर-4 पर उतरेंगे कप्तान सूर्या

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में सलामी जोड़ी के तौर पर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा मैदान पर उतरेंगे. उसके बाद नंबर-3 पर ईशान आएंगे, जबकि खुद कप्तान सूर्यकुमार चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे. वहीं, नंबर5- पर हार्दिक पांड्या उतरेंगे.

ईशान ने घरेलू क्रिकेट में मचाया है धमाल

बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा है. ईशान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कमाल का प्रदर्शन किया था और अपनी कप्तानी में झारखंड को चैंपियन बनाया. उन्होंने टूर्नामेंट में एक धमाकेदार शतक के साथ 500 से ज्यादा रन कूट थे और वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे.

इससे अलावा, उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में भी बल्ले का कमाल दिखाया और सिर्फ 34 गेंदों पर शतक ठोककर टीम इंडिया की दावेदारी ठोक दी. इन शानदार प्रदर्शन के दम पर ईशान ने टीम में वापसी की और उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के साथ-साथ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया.

ईशान किशन का टी20I करियर

ईशान ने 14 मार्च 2021 को अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ अपना डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक भारत के लिए 32 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 25.67 की औसत और 124.37 के स्ट्राइक रेट से 796 रन बनाए हैं. उनके नाम टी20 में 6 अर्धशतक हैं. उन्होंने अपना आखिरी टी20I मैच 28 नवंबर 2023 में खेला था.

ये भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका का दौरा करेगी भारतीय महिला टीम, शेड्यूल का हुआ ऐलान