WPL 2026 Points Table: महिला प्रीमियर लीग में मंगलवार, 20 जनवरी को खेले गए मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 7 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी. वडोदरा में हुए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने 155 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे दिल्ली की टीम ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर 19 ओवर में ही हासिल कर मैच जीत लिया.
यह दिल्ली की इस सीजन में दूसरी जीत है और इसी साथ ही दिल्ली ने पॉइंट्स टेबल में उलटफेर कर दिया है. वहीं, यह मुंबई की लगातार तीसरी हार रही, जिससे अब टीम के लिए प्लेऑफ की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है. तो चलिए एक नजर डालते हैं WPL 2026 के पॉइंट्स टेबल में सभी टीमों के स्थिति पर.
RCB टॉप पर, मुंबई की हालत खराब
WPL 2026 में स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) टीम ने अब तक कमाल का खेल दिखाया है. आरसीबी ने अब तक खेले सभी 5 मैचों में जीत हासिल की है. इसी के साथ RCB 10 अंकों और 1.882 के बेहतरीन नेट रनरेट के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर बनी हुई है और प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है.
वहीं, डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम 6 मैच खेलने के बाद भी संघर्ष करती नजर आ रही है. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई टीम 4 मैचों में हार मिली है और सिर्फ 2 में जीत नसीब हुई है. मुंबई अभी दूसरे नंबर पर हैं और टीम के खाते में 4 अंक और नेट रनरेट 0.046 का है. बता दें कि, ऐसा पहली बार हुआ है जब लीग स्टेज में मुंबई ने चार मैच हारे हैं.
दिल्ली कैपिटल्स ने लगाई छलांग
पॉइंट्स टेबल में यूपी वॉरियर्स तीसरे स्थान पर मौजूद हैं. यूपी के पास 5 मैचों में 2 जीत और 3 हार के साथ 4 अंक हैं. हालांकि उनका नेट रनरेट -0.483 है. वहीं, MI के खिलाफ शानदार जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स चौथे नंबर पर आ गई है. दिल्ली ने की यह 5 मैचों में दूसरी जीत रही और टीम के पास 4 अंक हैं और नेट रनरेट -0.586 का है.
वहीं, गुजरात जायंट्स की टीम पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे खिसक गई है. गुजरात ने 5 मैचों में 2 जीते और 3 हारे हैं. उनके खाते में 4 अंक हैं और नेट रनरेट -0.864 का है.
WPL 2026 की पॉइंट्स टेबल
| टीम | मैच | जीत | हार | अंक | नेट रनरेट |
|---|---|---|---|---|---|
| रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 5 | 5 | 0 | 10 | +1.882 |
| मुंबई इंडियंस | 6 | 2 | 4 | 4 | +0.046 |
| यूपी वॉरियर्स | 5 | 2 | 3 | 4 | -0.483 |
| दिल्ली कैपिटल्स | 5 | 2 | 3 | 4 | -0.586 |
| गुजरात जायंट्स | 5 | 2 | 3 | 4 | -0.864 |

