IND vs NZ, Abhishek Sharma Record: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला नागपुर में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तबाही मचा दी है. अभिषेक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 22 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया. उन्होंने कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी और 84 रनों की धमाकेदार पारी खेली. इस तूफानी पारी के साथ ही अभिषेक ने रिकॉर्ड्स झड़ी लगा दी है. साथ ही उन्होंने अपने गुरु युवराज सिंह और विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है.
अभिषेक शर्मा ने बल्ले से मचाया कोहराम
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. संजू सैमसन (10 रन) और ईशान किशन (8 रन) सस्ते में ही आउट हो गए हैं. हालांकि, इस दौरान अभिषेक शर्मा एक छोर से अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखी और सिर्फ 22 गेंदों पर अर्धशतक ठोक दिया. अभिषेक ने कीवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 35 गेंदों पर 84 रनों की तूफानी पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 8 छक्के और 5 चौके लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 240 का रहा.
इस तूफानी अर्धशतक के साथ ही अभिषेक न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था.
गुरु युवराज सिंह का तोड़ा रिकॉर्ड
इस पारी के दौरान अभिषेक ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. अभिषेक टी20I में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में छठे नंबर पर पहुंच गए हैं और इस मामले में उन्होंने अपने गुरु युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. युवराज ने अपने पूरे टी20I करियर में 73 छक्के लगाए थे, लेकिन अभिषेक ने इस मैच में 2 छक्के मारकर इस आंकड़े को पार कर लिया. फिलहाल टी20 इंटरनेशनल में भारत के सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम हैं. हिटमैन ने अपने टी20 करियर में कुल 205 छक्के जड़े हैं.
- रोहित शर्मा- 205 छक्के (151 पारियां)
- सूर्यकुमार यादव- 156 छक्के (94 पारियां)
- विराट कोहली- 124 छक्के (117 पारियां)
- हार्दिक पांड्या- 106 छक्के (98 पारियां)
- केएल राहुल- 99 छक्के (68 पारियां)
- अभिषेक शर्मा- 81 छक्के (33 पारियां)
- युवराज सिंह- 74 छक्के (51 पारियां)
विराट कोहली को छोड़ा पीछे
इसके अलावा, अभिषेक भारत के लिए टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं और इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है. कोहली ने 167 पारियों में भारत के लिए 5000 टी20 रन पूरे किए थे, जबकि अभिषेक ने 165 पारियों में ये कारनामा कर दिखाया है. इस मैच से पहले उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ 82 रनों की जरूरत थी. फिलहाल भारत के लिए सबसे तेज 5000 टी20I रन बनाने का रिकॉर्ड केएल राहुल के नाम दर्ज है.
इसके साथ ही अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बार 25 गेंदों से कम में फिफ्टी जमाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं. उन्होंने अपने टी20I करियर में 8वीं बार 25 या उससे कम गेंदों पर अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया, जो एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है. इससे मामले में उन्होंने फिल सॉल्ट, सूर्यकुमार यादव और एविन लुईस जैसे स्टार बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है. इन खिलाड़ियों ने अब तक 7-7 बार 25 या उससे कम गेंदों पर T20I अर्धशतक लगाए हैं.
22 BALL FIFTY BY ABHISHEK SHARMA. pic.twitter.com/WzlOY03pdC
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) January 21, 2026

