Babar Azam

BBL से अचानक क्यों बाहर हुए बाबर आजम? सामने आई चौंकाने वाली वजह

Babar Azam Ruled Out of BBL Final: ऑस्ट्रेलिया में जारी बिग बैश लीग के फाइनल से कुछ दिन पहले पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. बाबर बीबीएल में सिडनी सिक्सर्स की ओर से खेल रहे थे, लेकिन होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ चैलेंजर्स मुकाबले से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया है.

खराब फॉर्म की वजह से पहले ही उन्हें टीम से बाहर करने की मांग की जा रही थी. अब फाइनल के टिकट के लिए होने वाले अहम मुकाबले से पहले बाबर को ड्रॉप कर दिया गया है और वह स्वदेश लौट गए हैं. इसके पीछे की बड़ी वजह भी सामने आ गई है.

बाबर आजम BBL से क्यों हुए बाहर?

दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बाबर आजम को देश वापस बुलाने का फैसला किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टी20I सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों को लेकर पाकिस्तान के नेशनल कैंप में शामिल होने के लिए वापस बुला लिया गया है. सिडनी सिक्सर्स ने आधिकारिक बयान जारी कर बाबर के BBL से बाहर होने की जानकारी दी है.

फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा कि बाबर आजम को आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से पहले पाकिस्तान के नेशनल कैंप के लिए वापस बुलाया गया है. ऐसे में वह BBL के मौजूदा सीजन के बाकी बचे मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे.” हालांकि, सच्चाई कुछ और ही है. सूत्रों के अनुसार, सिडनी सिक्सर्स बाबर को यह बता दिया था कि उन्हें फाइनल और चैंलेंजर्स मुकाबले के लिए प्लेइंग XI में मौका नहीं देने वाली है.

BBL में बाबर का खराब प्रदर्शन

बाबर आजम ने इसी सीजन सिडनी सिक्सर्स के लिए BBL में डेब्यू किया था. हालांकि, बीबीएल में बाबर का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. वह टूर्नामेंट में खेले 11 मैचों में सिर्फ 202 रन ही बना सके. उनके बल्ले से दो अर्धशतक निकले, लेकिन इस दौरान उनका औसत 22.44 और स्ट्राइक रेट 103 का रहा. इतना ही नहीं, 11 पारियों में से 5 पारियों में वह सिंगल डिजिट स्कोर पर ही आउट हो गए.

गौरतलब है कि 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान की टीम घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. यह पाकिस्तान के लिए वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिए आखिरी मौका होगा. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज और टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान नहीं किया है.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: ये स्टार ऑलराउंडर हुआ चोटिल, दूसरे टी20 के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में होगा बदलाव!