Sarfaraz Khan

Ranji Trophy में गरजा सरफराज खान का बल्ला, शानदार शतक ठोक मचाया तहलका

Sarfaraz Khan Century in Ranji Trophy: भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज खान का बल्ला लगातार आग उगल रहा है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में शतक जड़ने के बाद, सरफराज ने अब रणजी ट्रॉफी में एक और शानदार शतक ठोक दिया है. मुंबई की ओर से खेलते हुए सरफराज ने हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 120 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया. इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 4 छक्के जड़े. यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का 17वां शतक है.

सरफराज खान ने ठोका एक और शानदार शतक

मुंबई और हैदराबाद के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मुकाबले में सरफराज खान ने बल्ले से धमाल मचाया है. इस मैच में नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने उतरे सरफराज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया. सरफराज ने 120 गेंदों में 9 चौके और 4 चौकों के साथ अपना शतक पूरा किया. खबर लिखे जाने तक सरफराज ने 138 गेंदों पर 128 रन बना लिए हैं और अब तक अपनी पारी में 11 चौके और 5 छक्के जड़ चुके हैं. उन्होंने कप्तान सिद्धेश के साथ मिलकर 200 से ज्यादा रनों की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया है.

टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं सरफराज

28 साल के सरफराज खान फिलहाल टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं और टीम में अपनी वापसी का इंतजार कर रहे हैं. सरफराज ने साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने भारत के लिए अब तक 6 टेस्ट खेले हैं और 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और 3 अर्धशतक जड़े हैं.

वहीं, सरफराज ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया है और 60 मैचों में 63.15 की औसत से कुल 4863 रन बनाए हैं. उनके नाम फर्स्ट क्लास में 16 शतक और 16 अर्धशतक हैं. रेड बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद सरफराज को भारतीय टेस्ट टीम में जगह नहीं मिल रही है. उन्होंने भारत के लिए आखिरी बार नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट खेला था, तब से वह टीम में जगह नहीं बना पाए हैं.

ये भी पढ़ें- Shubman Gill: रणजी के ‘रण’ में औंधे मुंह गिरे शुभमन गिल, बिना खाता खोले लौटे पवेलियन