WPL 2026, UPW vs GG

WPL 2026: लगातार तीन हार के बाद गुजरात जायंट्स ने दर्ज की शानदार जीत, यूपी वॉरियर्स को 45 रनों से दी करारी मात

WPL 2026, UPW vs GG: महिला प्रीमियर लीग 2026 के 14वें मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने यूपी वॉरियर्स को 45 रनों से हरा दिया. वडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए गुजरात की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 153 रन बनाए थे, जिसके जवाब में यूपी की टीम 108 रन पर ही ऑलआउट हो गई. गुजरात ने लगातार तीन हार झेलने के बाद जीत का स्वाद चखा है.

गुजरात की इस जीत की हीरो सोफी डिवाइन रहीं, जिन्होंने पहले बल्ले से नाबाद 50 रनों की पारी खेली और फिर गेंद से भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट चटकाए. वहीं, राजेश्वरी गायकवाड़ ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके.

सोफी डिवाइन ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी

इस मुकाबले में यूपी वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम को सिर्फ 23 रन पर पहला झटका लग गया. ओपनर डैनी वायट-हॉज सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गईं. इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरी अनुष्का शर्मा भी 14 रन बनाकर चलती बनी. वहीं, कप्तान एश्ले गार्डनर सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गईं. जबकि बेथ मूनी 34 गेंदों पर 38 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं.

हालांकि, सोफी डिवाइन एक छोर से पारी को संभालने की कोशिश की और 42 गेंदों में नाबाद 50 रनों की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के जड़े. उनकी इस पारी के बदौलत गुजरात की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 153 रन बनाए. वहीं, यूपी के लिए क्रांति गौड़ और सोफी एक्लेस्टोन ने 2-2 विकेट चटकाए. जबकि क्लो ट्रयोन और दीप्ति शर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया.

यूपी वॉरियर्स की फ्लॉप बल्लेबाजी

154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी वॉरियर्स की बल्लेबाजी बेहद खराब रही. टीम ने सिर्फ 2 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया और ओपनर किरण नवगिरे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं. इसके बाद कप्तान मेग लैंनिंग भी सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गईं. इसके बाद फीबी लिचफील्ड और क्लो ट्रायोन ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सकी. लिचफील्ड ने 32 रन बनाए, जबकि ट्रायोन 30 रन बनाकर नाबाद रहीं.

वहीं, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा और श्वेता सहरावत का बल्ला खामोश रहा. टीम के 8 बल्लेबाज दहाई तक का आंकड़ा भी नहीं छू सकी और यूपी की टीम 108 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. गुजरात जायंट्स की ओर से राजेश्वरी गायकवाड़ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए. जबकि रेणुका सिंह ठाकुर और सोफी डिवाइन ने 2-2 विकेट अपने नाम किए.

ये भी पढ़ें- IND vs NZ: रायपुर के मैदान पर कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड? जानें पिच का मिजाज