SL vs ENG

SL vs ENG: पहले वनडे में श्रीलंका के आगे फेल हुए इंग्लिश बल्लेबाज, रोमांचक मुकाबले में मिली 19 रनों से करारी हार

SL vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में श्रीलंका की टीम ने शानदार जीत हासिल कर ली है. श्रीलंकाई टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए 19 रनों से मुकाबला अपने नाम किया. पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी श्रीलंका की टीम ने 50 ओवरों में 271 रनों का स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए कुसल मेंडिस ने सबसे ज्यादा 91 रनों की नाबाद पारी खेली. इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी इंग्लैंड की टीम डकेट और रूट की जोड़ी ने आगे जरूर बढ़ाया लेकिन पुछल्ले बल्लेबाज श्रीलंका की स्पिन के आगे ढेर हो गए. पहले वनडे में जीत के साथ ही श्रीलंका की टीम ने सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली है.

दुनिथ वेल्लालागे ने किया ऑलराउंड प्रदर्शन

श्रीलंका के लिए पहले वनडे मुकाबले में युवा ऑलराउंडर दुनिथ वेल्लालागे ने कमाल का प्रदर्शन किया. उन्होंने पहले बल्लेबाजी में 12 गेंदों का सामना करते हुए 25 रनों की नाबाद पारी खेली. इस पारी के दम पर ही श्रीलंका की टीम 271 रनों के स्कोर तक पहुंच पाई. इसके बाद जब बारी गेंदबाजी की आई तो उन्होंने इंग्लिश बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया. उन्होंने 10 ओवर की गेंदबाजी करते हुए महज 41 रन खर्च किए और 2 अहम विकेट चटकाए. उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया. 

रूट और डकेट की पारियों पर फिरा पानी

इस मैच में लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी इंग्लैंड की शुरुआत तो बेहद खराब रही. टीम ने जैक क्रॉली के रूप में अपना पहला विकेट 12 रनों के स्कोर पर गंवा दिया था. इसके बाद बेन डकेट और जो रूट की जोड़ी ने इंग्लिश पारी को आगे बढ़ाया. दोनों के बीच 146 गेंदों में 117 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई. डकेट ने 76 गेंदों का सामना करते हुए 62 रनों की पारी खेली तो वहीं रूट ने भी 90 गेंदों में 61 रन बनाए. इन दोनों के बाद निचले क्रम का कोई भी बल्लेबाज रन बनाने में कामयाब नहीं हो पाया, जिसका नतीजा हार के रूप में टीम के सामने है.

ये भी पढ़िए- WI vs AFG: तीसरे वनडे में हारकर भी सीरीज जीती अफगानिस्तान, स्प्रिंगर की हैट्रिक ने बचाई वेस्टइंडीज की लाज