Sydney Sixers reach into BBL 2025-26 Final: सिडनी सिक्सर्स ने बिग बैश लीग 2025-26 के फाइनल में जगह बना ली है. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए चैलेंजर मुकाबले में सिडनी की टीम ने होबार्ट हरिकेंस को 57 रनों से मात दी. इस मैच में स्टीव स्मिथ ने फिर से बल्ले से धमाल मचाते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा, जिसके दम पर सिडनी ने 198 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में उतरी होबार्ट की टीम सिर्फ 141 रन पर ही ऑलआउट हो गई. सिडनी की ओर से बेन ड्वारशुइस ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके.
स्टीव स्मिथ ने जड़ा शानदार अर्धशतक
इस मुकाबले होबार्ट हरिकेंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. इसके बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिडनी सिक्सर्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 198 रनों का स्कोर खड़ा किया. हालांकि, टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और डैनियल ह्यूजेस सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद स्टीव स्मिथ ने पारी को संभाला और 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया.
स्मिथ ने 43 गेंदों पर 65 रनों की तेज पारी खेली, जिसमें उन्होंने 9 चौके और एक छक्का लगाया. उनके अलावा, जोएल डेविस ने 12 गेंदों पर 27 रन और लाचलान शॉ ने 13 गेंदों पर 21 रन की पारी खेली. वहीं, होबार्ट की ओर से रिले मेरेडिथ ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके. जबकि बिली स्टैनलेक और रिशाद हुसैन ने 2-2 विकेट लिए.
होबार्ट की फ्लॉप बल्लेबाजी
199 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी होबार्ट हरिकेंस की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 29 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए. माइकल ओवेन ने 8 गेंदों में 13 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए. वहीं, टिम वार्ड भी कुछ खास नहीं कर सके और 13 रन बनाकर चलते बने. इसके बाद तीसरे विकेट के लिए ब्यू वेबस्टर और बेन मैकडरमॉट ने 48 रन जोड़े, लेकिन कप्तान के आउट होते ही होबार्ट की पारी बुरी तरह लड़खड़ाई.
होबार्ट की पूरी टीम सिर्फ 141 रनों पर ऑलआउट हो गई और सिक्सर्स ने 57 रनों से मैच अपने नाम कर लिया. सिक्सर्स की ओर से बेन ड्वारशुइस ने कमाल की गेंदबाज करते हुए 3 विकेट चटकाए. वहीं, मिचेल स्टार्क, शॉन एबॉट और जोएल डेविस ने 2-2 विकेट लिए. डेविस को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अब सिडनी की टीम 25 जनवरी को होने वाले फाइनल मुकाबले में पर्थ स्कॉचर्स से भिड़ेगी.

